अबतक इंडिया न्यूज 13 अक्टूबर । पंचांग के अनुसार, आज आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया उपरांत चतुर्थी तिथि, विशाखा नक्षत्र, तैतिल करण, प्रीति योग, उत्तर का दिशाशूल है. इस दिन चंद्रमा तुला उपरांत वृश्चिक राशि में संचार करेंगे तो सूर्य कन्या राशि में विराजमान रहेंगे. आज मंगलवार व्रत के साथ नवरात्रि के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की जाएगी.राहुकाल: 03:01 पी एम से 04:28 पी एम.
मेष राशिफल: घर और जमीन के मामलों में शुभ खबर मिलेगी
आज धैर्य और संयम से काम लेना चाहिए। मंगलवार को आपके स्वामी मंगलदेव का अपना दिन है और घर, मां, जमीन और वाहन के भाव में उनका बल काफी बढ़ा हुआ है। इसलिए ऊर्जा और उत्साह की कमी नहीं रहेगी। संयम इसलिए जरूरी है कि यही ऊर्जा गुस्से में बदल गई, तो घर में बहस हो सकती है। वाहन चलाते समय स्पीड पर कंट्रोल नहीं रखा, तो दुर्घटना हो सकती है। रसोई में गैस, बिजली या आग के सामान के साथ लापरवाही न करें। ब्लड प्रेशर के मरीज खान-पान में नमक और तला कम रखें। नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा से मन को शांति मिलेगी।
शुभ रंग: लाल । शुभ अंक: 9
उपाय: हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल चढ़ाएं।

वृषभ राशिफल: ऑफिस की राजनीति से दूर रहें
आज तीन गलतियां करने से बचें। दफ्तर में किसी सहकर्मी की बुराई या राजनीति में शामिल होने से बचें। इससे आपकी छवि पर आंच आ सकती है। दूसरी गलती, सेहत के छोटे लक्षणों को टालना। पेट, गला या पीठ की कोई तकलीफ हो तो आज ही डॉक्टर से मिलें। नशा करने की आदत हो तो आज सबसे ज्यादा नुकसान वही करेगी। तीसरी गलती, कर्ज लेने में जल्दबाजी या ईएमआई भरने में लापरवाही, कोई किस्त या बिल भूलना भारी पड़ सकता है। इन गलतियों से बचें, तो आपका पराक्रम और भाई-बहनों का साथ आपको मजबूती देगा। छोटी यात्रा या बातचीत से फायदा होगा। बच्चों की पढ़ाई और प्रेम संबंध में सब सामान्य रहेगा। पुरानी बात छेड़कर बहस न करें। शाम को परिवार के साथ देवी की आरती में शामिल हों।
शुभ रंग: क्रीम सफेद । शुभ अंक: 12
उपाय: सफेद वस्त्र का दान करें।
मिथुन राशिफल: वाणी और परिवार के पैसों में संभलकर चलें
आज तीन बातें करनी हैं और दो बातों का ध्यान रखना है। परिवार के साथ बैठकर खाना खाएं, बच्चों की पढ़ाई या शौक में हाथ बंटाएं और किसी रचनात्मक काम के लिए आधा घंटा निकालें। जिन बातों से बचना है, उसमें पहली बात कड़वी बोली न बोलें। मंगलवार को परिवार में कही हुई बात लंबी बहस में बदल सकती है। दूसरी बात पैसों को लेकर जुबान देना या उधार देने का वादा न करें। घर में माता जी की सेहत और घर की सफाई का ध्यान रखें। नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की आराधना से बड़ों की कृपा बनी रहेगी। दफ्तर में बॉस के साथ ईमेल या लिखित संवाद सावधानी से रखें और वाहन की गति पर काबू रखें।
शुभ रंग: हरा । शुभ अंक: 7
उपाय: गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं।
कर्क राशिफल: आत्मविश्वास और साहस से काम बनेंगे
आज पहले सोचना चाहिए, फिर बोलना चाहिए। मंगलवार को मंगलदेव आपके लग्न में गुरुदेव के साथ अपने दिन पर हैं। इसलिए व्यक्तित्व में तेज, साहस और आत्मविश्वास साफ दिखेगा। लोग आपकी बात मानेंगे। किसी पुराने विवाद को आज निपटाने की जल्दी में न पड़ें। वाणी में जोश तो रहे पर कठोरता नहीं। खासकर भाई-बहन या पड़ोसी से बात करते समय सौम्यता रखें। जो काम सोचा है उसे बिना देर के शुरू करें। राहुकाल में यानी तीन से साढ़े चार बजे के बीच कोई नया सौदा न करें। घर में माता जी के साथ सुखद पल बिताएंगे। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और चोट या कटने से सावधान रहें।
शुभ रंग: बादामी । शुभ अंक: 4
उपाय: मां चंद्रघंटा को दूध से बनी मिठाई का भोग लगाएं।

सिंह राशिफल: छोटी यात्रा और बातचीत में सावधानी रखें
आज पड़ोसी से सुबह किसी बात पर बहस हो सकती है। आज की सलाह यही है कि पलटकर जवाब न दें, क्योंकि छोटी बात भी बड़ी बन सकती है। आपके कुछ रिश्तेदार या भाई-बहन भी आज किसी बात पर नाराज दिख सकते हैं। मगर, मिलकर बात करने से हल निकल जाएगा और भाई-बहन का सहयोग आपका पराक्रम बढ़ाएगा। कोई छोटी यात्रा हो, तो वाहन की रफ्तार पर कंट्रोल रखें और नियमों का पालन करें। परिवार में संभलकर बोलें, पैसों के मामले में कोई फैसला जल्दबाजी में न लें। कंधे या बांह में दर्द हो सकता है, इसलिए भारी सामान उठाते समय सावधानी बरतें। शाम को देवी की आरती में शामिल होने से मन हल्का होगा।
शुभ रंग: केसरिया । शुभ अंक: 3
उपाय: पिता का सम्मान करें और उनके चरण स्पर्श करें।
कन्या राशिफल: मित्रों से मिलेगा सहारा, मीठा बोलें
आज की सबसे जरूरी बात मीठी वाणी बोलना और पैसे का संतुलन बनाए रखना है। धन भाव में तीन ग्रहों की युति से परिवार और पैसों के मामले भावनाओं में उलझ सकते हैं, इसलिए किसी को जबान देने से पहले सोचें। मित्रों और बड़े भाई-बहन से जुड़कर चलें क्योंकि मंगलवार को लाभ का कोई रास्ता उन्हीं के जरिए खुल सकता है और कोई अटका पैसा लौट सकता है। सेहत में आंख, गले और दांतों का ध्यान रखें, मीठा और तला कम खाएं। आज की सबसे गैर-जरूरी चीज है पुरानी बातों पर बेकार की चिंता करना। उसमें समय लगाने से बेहतर है कि घर के रुके हुए काम निपटाएं। नवरात्रि के तीसरे दिन परिवार के साथ पूजा करें। इससके आपके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास बना रहेगा। जीवनसाथी के साथ बहस न करें।
शुभ रंग: फिरोजी । शुभ अंक: 11
उपाय: गाय को हरा चारा खिलाएं।

तुला राशिफल: मन और रिश्तों में स्थिरता रखें
तुला राशि वाले आज भावनाओं में आकर किसी रिश्ते पर बड़ा फैसला लेने से बचें। दरअसल, शुक्रदेव वक्री होने से पुनर्विचार का समय जारी है और फैसला बाद में बदलना पड़ सकता है। खर्च पर नियंत्रण रखें, सजने-संवरने, ऑनलाइन शॉपिंग या दिखावे पर पैसे उड़ाना आज महंगा पड़ेगा। इसके अलावा देर रात तक जागना और खाली बैठकर बेकार की चिंता पालने से बचें, इससे अगले दिन की सुबह थकान के साथ होगी और दिन भी खराब बीत सकता है। इन गलतियों से बचे तो करियर में बड़ों की शुभता का लाभ मिलेगा, बॉस या सरकारी काम में आपका पक्ष मजबूत रहेगा और व्यक्तित्व में आकर्षण बना रहेगा। वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और ब्लड प्रेशर या गुस्से पर नजर रखें। नवरात्रि की पूजा में मां चंद्रघंटा का ध्यान करें।
शुभ रंग: गुलाबी । शुभ अंक: 5
उपाय: मां लक्ष्मी को गुलाब का फूल अर्पित करें।
वृश्चिक राशिफल: श्रद्धा से किया गया हर काम आज फल देगा
आज का शब्द श्रद्धा है। मंगलवार को आपके स्वामी मंगलदेव अपने दिन पर भाग्य भाव में गुरुदेव के साथ बल में हैं। इसलिए श्रद्धा से किया गया हर काम आज फल देगा। श्रद्धा का पहला रूप है बड़ों का आशीर्वाद। पिता, किसी गुरु या अनुभवी व्यक्ति की सलाह आज रास्ता दिखाएगी और धार्मिक यात्रा या मंदिर जाने का मन बन सकता है। श्रद्धा का दूसरा रूप है धैर्य। क्योंकि खर्च और नींद के भाव में हलचल है। इसलिए अचानक खर्च, अस्पताल या कोर्ट-कचहरी का कोई काम सामने आए तो घबराएं नहीं। देर रात तक जागने से बचें और जरूरत से ज्यादा अकेले रहकर चिंता न करें। दोस्तों से लाभ की उम्मीद है। मंगलवार को हनुमान जी और देवी का स्मरण शुभ रहेगा।
शुभ रंग: कत्थई । शुभ अंक: 2
उपाय: लाल मसूर की दाल का दान करें।

धनु राशिफल: मित्रों से लाभ मिलेगा
कोई पुराना दोस्त आज अचानक फोन करके किसी काम का प्रस्ताव दे सकता है। घबराइए नहीं, उसकी बात ध्यान से सुनिए, क्योंकि मंगलवार को दोस्तों और बड़े भाई-बहनों के जरिए आय का रास्ता खुल सकता है। मान लीजिए आपके बॉस आज किसी काम पर नाराज हो जाएं, तो सफाई देने की जगह थोड़ी देर शांत रहें। लिखित में अपनी बात रखिए, इससे बात संभलेगी। गोपनीय बातें किसी से साझा न करें। वाहन या घर की मरम्मत पर खर्च निकल सकता है। बाहर रहने वाले व्यक्ति से जुड़कर काम आगे बढ़ेगा।
शुभ रंग: पीला । शुभ अंक: 8
उपाय: पीपल और केले के पेड़ में जल चढ़ाएं।
मकर राशिफल: करियर में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है
आज बॉस या ग्राहक से रुके हुए काम पर बात कर सकते हैं। आगे की योजना का लिखित खाका बना सकते हैं, इससे प्लानिंग करने में आसानी होगी। भाई-बहन के साथ किसी योजना पर चर्चा करने से पराक्रम और मेहनत का फल मिलेगा। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर पर बेवजह शक न करें। बिना पढ़े किसी कागज पर दस्तखत न करें। वाहन और यात्रा, खासकर लंबी या तीर्थ यात्रा हो तो निकलने से पहले वाहन की जांच करा लें और गति पर नियंत्रण रखें। नवरात्रि के तीसरे दिन गुरु या बड़ों का आशीर्वाद लेना शुभ रहेगा। सेहत में कमर, घुटनों या जोड़ों के दर्द को हल्के में न लें। परिवार के पैसों में कोई बात उठे और विवाद हो, तो उसे टाल दें। नशे से दूर रहें।
शुभ रंग: काला । शुभ अंक: 6
उपाय: काली उड़द की दाल का दान करें।
कुंभ राशिफल: भाग्य के भरोसे न बैठें
आज कानों सुनी पर भरोसा न करें। जो लिखित में सामने आए, उसे ही सच मानिए। भाग्य के भाव में शुभ साथ आपको बड़ों की सलाह और अच्छे अवसर दिलाएगा। जल्दबाजी में किसी भी कागज पर दस्तखत न करें, पहले पूरा पढ़ें। गुस्सा आए तो पांच मिनट बाद जवाब दें, क्योंकि सेहत और कर्ज के क्षेत्र में ऊर्जा बढ़ी हुई है और छोटी बात पर तनाव हो सकता है। पुराने कर्ज या बीमारी के मामले में राहत मिलेगी और नौकरी में विरोधियों पर आपकी पकड़ मजबूत रहेगी। लंबी यात्रा की योजना बना सकते हैं। परिवार में वाणी मीठी रखें और उधार लेकर शेयर बाजार में पैसा न लगाएं।
शुभ रंग: आसमानी । शुभ अंक: 1
उपाय: ॐ शं शनैश्चराय नमः मंत्र का जाप करें।
मीन राशिफल: कोई उपलब्धि मन खुश करेगी
आज की सबसे जरूरी बात बच्चों, पढ़ाई और रचनात्मक कामों पर ध्यान देना रहेगा। मंगलवार को गुरुदेव का साथ संतान भाव में शुभ फल देगा। बच्चों की कोई उपलब्धि मन खुश करेगी। प्रेम में खुलकर बात करना फायदेमंद रहेगा। अचानक कोई खर्च सामने आ सकता है। जीवनसाथी या पार्टनर से बातचीत में तनातनी हो, तो चुप रहना बेहतर है। आज किसी की कही बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें। शनिदेव आपके लग्न पर वक्री हैं, इसलिए स्वभाव में गंभीरता बनी रहेगी। फिर भी जल्दी पैसा कमाने की किसी बात पर भरोसा न करें। नवरात्रि की आरती में शामिल होने से मन शांत होगा, और रात को जल्दी सोएं।
शुभ रंग: समुद्री नीला । शुभ अंक: 10
उपाय: गरीबों को पीले चावल खिलाएं।






