अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 28 नवंबर । मायली गुवाड़ में श्री नामदेव वंशी छींपा समाज की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए चार नए सदस्यों को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई। समाज अध्यक्ष पवन छीपा एवं सचिव दिनेश छींपा ने मनीष छीपा, विशाल छीपा, उज्ज्वल छीपा और मनोज छींपा को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अध्यक्ष पवन छींपा ने बताया कि संगठन को अधिक व्यापक और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जल्द ही जिला स्तर पर कार्यकारिणी का और विस्तार किया जाएगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधुओं को संगठन से जोड़कर उन्हें अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव कार्यकारिणी के समक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। इससे सामाजिक गतिविधियों के संचालन और सामूहिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहभागिता बढ़ेगी।
सचिव दिनेश छींपा ने बताया कि कार्यकारिणी का प्रमुख उद्देश्य बीकानेर में छीपा समाज के लिए एक सभागार का निर्माण करवाना है। सभागार बनने से समाज के परिवारों को सामाजिक बैठकों, पारिवारिक समारोहों एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाजबंधुओं को आपसी संवाद और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सामाजिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाया जा सकता है। ऐसे आयोजनों में बच्चों एवं युवाओं की सहभागिता से उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिकता की भावना विकसित होगी। कार्यकारिणी का प्रयास समाज को संगठित कर आपसी सहयोग, एकता और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।












