Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » मुख्यमंत्री ने लूणकरणसर में बीकानेर जिले के 719 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण- शिलान्यास, गरीब को गणेश मानकर सेवक के रूप में कार्य कर रही राज्य सरकार -मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने लूणकरणसर में बीकानेर जिले के 719 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण- शिलान्यास, गरीब को गणेश मानकर सेवक के रूप में कार्य कर रही राज्य सरकार -मुख्यमंत्री

अबतक इंडिया न्यूज 16 दिसंबर लूणकरणसर।  मंगलवार को मुख्यमंत्री बीकानेर के लूणकरणसर दौरे पर रहे । लूणकरणसर में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया और जनसभा को संबोधित किया।अपने सम्बोधन में सीएम ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते तीखे प्रहार किए  । सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों की द्रुत प्रगति से कांग्रेस के पेट मे दर्द हो रहा हैं ।

इस अवसर पर सीएम ने जिले के विकास कार्यों को गति देते हुए 719 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इस दौरान “जिला विकास पुस्तिका “ का विमोचन भी किया । कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  शर्मा ने 612 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं 107 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने बीकानेर की जिला विकास पुस्तिका, ग्रामीण सेवा शिविर की सफलता की कहानी तथा ‘शहरी सेवा शिविर-2025 पुस्तिका का विमोचन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने समस्या समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए दिव्यागजन को स्कूटी एवं महिलाओं को सौर चूल्हे का वितरण किया। साथ ही, उन्होंने जिला विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया

नहीं बचेंगे भ्रष्टाचारी -CM भजनलाल

सीएम ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार अंत्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गांव, गरीब और किसान को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके सशक्तीकरण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।हमारी सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन सुनिश्चित कर रही है।सीएम कहा कि भ्रष्टाचारी चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो किसी भी सूरत मे नहीं बचेगा ।

समस्याओं के समाधान के लिए आमजन के द्वार पर पहुंच रही सरकार
सीएम  ने कहा कि जनसेवा के भाव के साथ ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से प्रदेश भर में एक महीने तक ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया था। इन शिविरों में प्रशासन को आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक लाया जा रहा है। शहरी शिविरों के जरिए जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और सीवर कनेक्शन से जुडे़ कार्यों से लेकर आवास पट्टे, नामांतरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने संबंधी कार्य भी करवाए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों में सहमति विभाजन, नामांतरण एवं रास्ते खुलवाने जैसे कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आमजन इन शिविरों का पूरा लाभ उठाएं।
किसान, युवा, महिला और गरीब के उत्थान के लिए उठाए परिणामकारी कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने किसान, युवा, महिला और गरीब के उत्थान के लिए कई  कदम उठाए हैं। हमने किसानों के लिए सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है तथा चरणबद्ध रूप से इसे 12 हजार रुपये किया जाएगा। इसी तरह हमारी सरकार ने इन दो वर्षों में युवाओं के लिए सरकारी सेवाओं में अवसर बढ़ाते हुए लगभग 92 हजार नियुक्तियां प्रदान की है तथा 1 लाख 56 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन है। वहीं, प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाने से लेकर 10 लाख 51 हजार साइकिलें और करीब 40 हजार स्कूटियां वितरण एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की पहली किस्त से 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभांवित करने का काम किया गया है।
सरकार की कथनी और करनी में कोई भेद नहीं 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार में कथनी और करनी में कोई भेद नहीं है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। हमारी सरकार ने केवल 2 वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार के 5 वर्षों से ज्यादा काम किया है। पूर्ववर्ती सरकार ने 5 साल में 52 हजार हेक्टेयर भूमि को नहरी तंत्र से सिंचाई सुविधा दी जबकि हमने 2 वर्ष में ही करीब 85 हजार हेक्टेयर को सिंचाई सुविधा प्रदान कर दी है। इसी तरह पूववर्ती सरकार में 5 सालों में 29 हजार फार्म पौंड निर्माण एवं 113 लाख मीटर तारबंदी हुई जबकि 2 वर्ष में ही हमारी सरकार 35 हजार से अधिक फार्म पौंड एवं 299 लाख मीटर तारबंदी के कार्य करवा चुकी है। हमने गोशालाओं को दो साल में 3 हजार 433 करोड़ रुपये की सहायता दी जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने 5 साल में 3 हजार 117 करोड़ रुपये ही गोशालाओं को दिए।
इस अवसर पर विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल,  ताराचंद सारस्वत,  जेठानंद व्यास, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष  रामगोपाल सुथार, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ,शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़  सहित विभिन्न जन प्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

इससे पूर्व सीएम भजनलाल शर्मा के लूणकरणसर पहुँचने पर हवाई पट्टी पर भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *