Home » Uncategorized » दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सेना के चक्रव्यूह में आतंकी,भीषण मुठभेड़ ,बड़ा ऑपरेशन शुरू

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सेना के चक्रव्यूह में आतंकी,भीषण मुठभेड़ ,बड़ा ऑपरेशन शुरू

अबतक इंडिया न्यूज 4 जुलाई । जम्मू-कश्मीर के शांत होते माहौल में एक बार फिर आतंक की बड़ी साजिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षाबलों ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है. दक्षिण कश्मीर का शोपियां जिला शनिवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. शोपियां के चानपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और खूंखार आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई है. भारतीय सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जांबाजों ने आतंकियों को उनके ही ठिकाने पर इस कदर घेर लिया है कि उनका बच निकलना नामुमकिन माना जा रहा है. पूरे चानपोरा इलाके को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है.

खुफिया इनपुट के बाद सुरक्षाबलों का एक्शन
घाटी में अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं. इसी बीच शनिवार की शाम को सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता और सटीक खुफिया इनपुट मिला कि शोपियां के चानपोरा रिहायशी इलाके में कुछ सक्रिय आतंकी छिपे हुए हैं और वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाए ऑपरेशन प्लान किया.
आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग
सुरक्षाबलों के संयुक्त दस्ते ने चानपोरा इलाके में पहुंचते ही पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से सील कर दिया. जैसे ही जवानों ने संदिग्ध ठिकानों की ओर बढ़ते हुए कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) तेज किया, खुद को सेना के चक्रव्यूह में फंसा देख आतंकियों के हौसले पस्त हो गए. घबराहट में आतंकियों ने रिहायशी मकानों की आड़ लेकर जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभाला और नागरिकों को सुरक्षित निकालते हुए आतंकियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब आतंकियों की तरफ से गोलियां बरसती रहीं तो जांबाजों ने भी मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया.
पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी भागने की कोशिश न कर सकें, इसके लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को हाई-बीम सर्च लाइटों से रोशन कर दिया है. इसके साथ ही थर्मल इमेजर और आधुनिक ड्रोन कैमरों के जरिए आतंकियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. चानपोरा की ओर आने-जाने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है और स्थानीय लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *