Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » करणी माता को 20 जुलाई को लगाया जायेगा ‘सावन-भादो’ महाप्रसादी का भोग , तैयारियां शुरू

करणी माता को 20 जुलाई को लगाया जायेगा ‘सावन-भादो’ महाप्रसादी का भोग , तैयारियां शुरू

अबतक इंडिया न्यूज 18 जुलाई देशनोक । विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री करणी माता मंदिर में आगामी 20 जुलाई (सोमवार) को आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मंदिर की ऐतिहासिक ‘सावन-भादो’ कड़ाहियों में इस बार विशेष महाप्रसाद (हलवा) तैयार किया जा रहा है, जिसका भोग 20 जुलाई को सुबह माता जी के विशेष पूजन और श्रृंगार के बाद लगाया जाएगा। इस भव्य आयोजन को लेकर मंदिर प्रन्यास और श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं।

शनिवार से शुरू हुआ महाप्रसाद बनाने का कार्य

 

श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास के अध्यक्ष बादल सिंह चारण ने बताया कि यह महाप्रसाद श्रद्धालु अजय कुमार (पुत्र श्री प्रभु सिंह चौहान, दर्जी) द्वारा अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धा स्वरूप बनवाया जा रहा है। महाप्रसाद बनाने का कार्य शनिवार से ही शुरू कर दिया गया है। शनिवार और रविवार को निरंतर कार्य चलने के बाद रविवार शाम तक यह महाप्रसाद पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।

ऐतिहासिक ‘सावन-भादो’ कड़ाहियों की परंपरा

 

मंदिर परिसर में स्थापित दो विशाल कड़ाहियां श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था का केंद्र हैं। इनमें से एक कड़ाही का नाम ‘सावन’ और दूसरी का नाम ‘भादवा’ है। सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, माता जी का महाप्रसाद इन्हीं दोनों विशाल कड़ाहियों में तैयार किया जाता है। मान्यता है कि मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु यहाँ महाप्रसाद का आयोजन करवाते हैं।

देशभर से पहुंच रहे भक्त, रोशनी से नहाया मंदिर

 

महाप्रसाद के इस पावन अवसर के साक्षी बनने और प्रसाद ग्रहण करने के लिए देशनोक में भक्तों का सैलाब उमड़ने लगा है। शनिवार से ही मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखी जा रही है। बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, नागौर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, कोलकाता और अन्य राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु देशनोक पहुंच रहे हैं।

इस खास आयोजन के लिए पूरे मंदिर परिसर को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। रंग-बिरंगी झालरें, आकर्षक लाइटिंग और सुगंधित फूलों की सजावट मंदिर की भव्यता को चार चांद लगा रही है। सोमवार, 20 जुलाई को सुबह मंदिर के शास्त्रोंक्त आचार्य नरेन्द्र कुमार मिश्र के सान्निध्य में  महाप्रसाद का भोग लगाने के बाद इसे उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में विधिवत रूप से वितरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *