अबतक इंडिया न्यूज 8 दिसंबर जयपुर । राजस्थान की राजधानी राजस्थान हाई कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया. यह लगातार दूसरा मौका है जब राजस्थान हाईकोर्ट को ऐसी धमकी मिली है. इससे पहले, बीते शुक्रवार को भी इसी तरह की धमकी मिली थी. जिसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया था.
न्यायपालिका का काम प्रभावित
इस धमकी भरी कॉल के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे परिसर को खाली करवाते हुए सघन जांच शुरू की गई. सुरक्षा कारणों से न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ, जिसने अधिवक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है.
अधिवक्ताओं में आक्रोश
हाईकोर्ट में बार-बार मिल रही इस तरह की धमकियों पर अधिवक्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उनका कहना है कि यह प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है. यह प्रशासन और पुलिस के लिए शर्म की बात है कि आए दिन न्यायालय जैसे संवेदनशील संस्थान को ऐसी धमकियां मिल रही हैं. ऐसे में तो न्यायालय का काम पूरी तरह ठप हो जाएगा.
शुक्रवार को भी मिली थी हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
बता दें कि बीते शुक्रवार को दोपहर में जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की एक बार फिर से धमकी मिली थी. जिसकी शुरूआती जांच में सामने आया था कि धमकी एक मेल के जरिए मिली थी. जो रजिस्ट्रार सीपीसी के कार्यालय के मेल पर आई थी. जो बाद में जांच के दौरान फर्जी पाई गई थी.








