Home » लोकल न्यूज़ » एनएलसी इंडिया लिमिटेड में मनाया गया 40वां खान सुरक्षा सप्ताह, कामगारों ने लिया सुरक्षित खनन का संकल्प

एनएलसी इंडिया लिमिटेड में मनाया गया 40वां खान सुरक्षा सप्ताह, कामगारों ने लिया सुरक्षित खनन का संकल्प

अबतक इंडिया न्यूज पलाना 25 नवंबर । एनएलसी इंडिया लिमिटेड की बरसिंगसर लिग्नाइट खान में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को 40वां खान सुरक्षा सप्ताह-2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया। क्षेत्रीय खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), अजमेर क्षेत्र (ई एंड ई) के तत्वावधान में आयोजित समारोह में खान सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान बरसिंगसर खान के कामगारों ने सुरक्षा विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से खान श्रमिकों को ‘मेरी सुरक्षा, मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश देते हुए स्वस्थ खनिक, सुरक्षित खनन और राष्ट्र की उन्नति के महत्व से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर डीजीएमएस अजमेर क्षेत्र के निरीक्षण दल में समन्वयक के रूप में नीलेश ईश्वर नरनावरे (उपमहाप्रबंधक, खान), सदस्य दीपक प्रजापति (विद्युत अभियंता, बीएलएमसीएल) एवं अमित नाथ (यांत्रिकी अभियंता, वीएसएलपी) उपस्थित रहे।

समारोह में एनएलसी इंडिया लिमिटेड के बरसिंगसर एवं बिठनोक परियोजना प्रमुख एड विजय कुमार एस, खान प्रबंधक विजयकुमार भालके तथा खान सुरक्षा अधिकारी प्रेम राज मीणा सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेकेदारों के कामगारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कामगारों ने खान में कार्य करते समय सुरक्षा नियमों की पूर्ण पालना करने तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने की शपथ ली। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खान दुर्घटनाओं की रोकथाम, श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और सुरक्षित खनन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *