Home » राज्य » बिहार » नितिन नबीन बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, न‍ित‍िन नबीन पर बीजेपी ने क्‍यों खेला दांव, सौंपी सबसे बड़ी ज‍िम्‍मेदारी

नितिन नबीन बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, न‍ित‍िन नबीन पर बीजेपी ने क्‍यों खेला दांव, सौंपी सबसे बड़ी ज‍िम्‍मेदारी

अबतक इंडिया न्यूज 14 दिसंबर । नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया. वह अभी बिहार सरकार में मंत्री हैं. उनकी यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी. नितीन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं. जेपी नड्डा को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने से पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. नितीन नबीन 45 साल के हैं. उनके पास सरकार और संगठन का अच्छा खासा अनुभव है.

नितिन नबीन बीजेपी नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं. इस समय वो बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं. पटना के बांकीपुर से पांच बार के विधायक हैं. पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद वह पहली बार 2006 में विधायक बने थे. इसके बाद वह बांकीपुर से लगातार चुनाव जीतते रहे. उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 में बांकीपुर से लगातार जीत हासिल की.

https://abtakindianews.com/
https://abtakindianews.com/

राजनीति में अक्सर चौंकाने वाले फैसले लेने वाली बीजेपी ने एक बार फिर बड़ा दांव खेला है. पार्टी ने बिहार के कद्दावर नेता और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का किला ढहाने वाले नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. भूपेश बघेल की मजबूत मानी जाने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने में जिस ‘चाणक्य नीति’ ने काम किया, उसका चेहरा नितिन नबीन ही थे. नितिन नबीन बीजेपी के सबसे युवा अध्यक्षों में से एक हैं.

बिहार सरकार में 3 बार रहे मंत्री

नितिन नबीन तीन बार बिहार सरकार में मंत्री रहे. नितिन नबीन छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी भी रहे हैं. इसके अलावा बीजेपी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

2025 में पांचवीं बार बने विधायक

नितिन नबीन 2025 में पांचवीं बार विधायक चुने गए. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट पर आरजेडी की रेखा कुमार को 51936 वोटों से हराया. नितिन नबीन को 98299 वोट मिले जबकि रेखा 46363 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थीं.

PM मोदी ने नितिन नबीन को दी बधाई

पीएम मोदी ने नितिन नबीन को बधाई दी. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि नितिन नबीन एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने लगन से काम किया है. वह अपने विनम्र स्वभाव और ज़मीनी काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं. मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेगा.

राजनाथ सिंह ने नितिन को दी बधाई

बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई. वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं. पीएम मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे. उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं.

आज भाजपा के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन- जायसवाल

बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार भाजपा अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आज भाजपा के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन है कि बिहार के एक नेता को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. मैं नितिन नबीन को बधाई देता हूं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *