Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » राजस्थान में आज से मानसून एक्टिव, इन संभागों में झमाझम बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज से मानसून एक्टिव, इन संभागों में झमाझम बारिश का अलर्ट

अबतक इंडिया न्यूज 2 जुलाई । राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 2 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है. खास तौर पर दक्षिण पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं कहीं भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है.

राजस्थान में मानसून के करीब आते ही कोटा और भरतपुर संभाग में बारिश और आंधी का सिलसिला तेज हो गया है. इसके साथ ही करौली, अलवर और जयपुर जिलों में भी बारिश दर्ज की गई. प्रदेश में आज भी 30 जिलों में आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में आज से आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है. 3 से 6 जुलाई को कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी. पश्चिमी राजस्थान की बात करे तो जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां 3-4 जुलाई से शुरू होने व कुछ भागों में 3-6 जुलाई को तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना।

मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में मध्यम से तेज बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बूंदी जिले के कुछ हिस्सों में भी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान है.

श्रीगंगानगर से लेकर उदयपुर तक येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अलवर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, पाली, राजसमंद, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और डीडवाना-कुचामन समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

5 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पूर्व और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मानसून के और एक्टिव होने की संभावना है. 2 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अभी भी भीषण गर्मी

हालांकि एक ओर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है तो वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर जारी है. जुलाई में भी यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. ह्यूमिडिटी अधिक रहने से इन क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *