अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 02 जनवरी । कोलायत विधानसभा क्षेत्र में कृषि उपज मंडी समिति बज्जू के अंतर्गत आने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण को लेकर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
विधायक भाटी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र (बीकानेर) में दूर-दराज के किसानों एवं काश्तकारों द्वारा लंबे समय से कृषि उत्पादों के परिवहन हेतु पक्की सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही है। वर्तमान में पक्की सड़क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं एवं कृषि उपज के परिवहन में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है, साथ ही आवागमन में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक भाटी ने पत्र में एम.डी.आर. 365 (गड़ियाला फांटा से सेवड़ा) मुख्य सड़क से दाता किशन सिंह की ढाणी की ओर लगभग 1.750 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने का प्रस्ताव रखा है। यह सड़क देवड़ी की ढाणी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित है, जो कोलायत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा कृषि उपज मंडी बज्जू तक सुगम और सुरक्षित परिवहन संभव हो सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार से जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित डामरीकृत सड़क निर्माण को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
भाटी ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार कोलायत क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी।








