Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » त्योहारी सीजन में बेटिकट 22 हजार यात्रियों से जोधपुर रेलवे मंडल ने वसूले ₹1.14 करोड़ रुपए

त्योहारी सीजन में बेटिकट 22 हजार यात्रियों से जोधपुर रेलवे मंडल ने वसूले ₹1.14 करोड़ रुपए

अबतक इंडिया न्यूज 3 नवंबर जोधपुर। त्योहारी सीजन के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।

अक्टूबर माह में मंडल के टिकट जांच स्टाफ ने कुल 22 हजार 271 यात्रियों को बिना या अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा। इनसे 1.14 करोड़ रुपए का राजस्व वसूला गया, जो निर्धारित लक्ष्य 90.12 लाख की तुलना में सवा चौबीस लाख रुपए (4.61%) अधिक है।

मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में त्योहारी सीजन के दौरान जोधपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रियों में टिकट खरीदने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना एवं राजस्व संरक्षण सुनिश्चित करना रहा।

अभियान के प्रमुख आंकड़े

बिना टिकट यात्रा के 13,070 मामले, जिनसे 68 लाख 38 हजार 756 रुपए की वसूली।
-अनियमित टिकट (रिज़र्व कोच में जनरल टिकट) के 9 हजार मामले, जिनसे 45 लाख 90 हजार रुपए की वसूली
-बिना बुक सामान के भी 32 मामले पकड़े गए
-स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर 2,547 यात्रियों से 2.75 लाख रुपए वसूले
-धूम्रपान करते पकड़े गए 121 यात्रियों से 24 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

अभियान जारी रहेगा

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह सघन टिकट जांच अभियान आगामी दिनों में और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। साथ ही, यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें एवं रेलवे के नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *