Home » बिज़नेस » बीकानेर में 31 अक्टूबर से संभाग स्तरीय सहकार मेला-2026, 500 रुपए की खरीद पर लकी ड्रॉ से मिलेंगे आकर्षक उपहार

बीकानेर में 31 अक्टूबर से संभाग स्तरीय सहकार मेला-2026, 500 रुपए की खरीद पर लकी ड्रॉ से मिलेंगे आकर्षक उपहार

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 30 अक्टूबर। बीकानेर संभाग में सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देने तथा स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के उत्कृष्ट कार्यों एवं विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक संभाग स्तरीय सहकार मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित होने वाले इस मेले में विभिन्न सहकारी समितियों और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

सहकारी समितियों के अतिरिक्त रजिस्ट्रार संजय गर्ग ने बताया कि मेले में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़ और चूरू जिलों की विभिन्न सहकारी संस्थाएं भाग लेंगी। इनमें जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, क्रय-विक्रय सहकारी समितियां, प्राथमिक भंडार, जिला डेयरी, महिला स्वयं सहायता समूह तथा अन्य सहकारी समितियां शामिल हैं। इन संस्थाओं के विशिष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, जिससे आमजन को खरीदारी के लिए बेहतर अवसर मिलेगा।

500 रुपए की खरीद पर लकी ड्रॉ कूपन

केंद्रीय सहकारी बैंक बीकानेर के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले ग्राहकों के लिए विशेष लाभकारी योजनाएं, आकर्षक उपहार और गिफ्ट हैंपर की व्यवस्था की जाएगी। 500 रुपए की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को लकी ड्रॉ कूपन के माध्यम से आकर्षक उपहार जीतने का अवसर मिलेगा। मेले में खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फूड कोर्ट का आनंद

मेले में प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के पकवानों का आनंद भी लिया जा सकेगा। इस तरह मेला खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का अवसर भी उपलब्ध कराएगा।

जिला कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सहकार मेला-2026 के दौरान सुगम एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को मेले में सहभागिता निभाने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया है।

चार दिवसीय यह मेला सहकारी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन को विभिन्न उत्पाद एक ही स्थान पर खरीदने का अवसर प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *