अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 1 जुलाई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत–जी राम जी (वीबी-जीरामजी) योजना का शुभारंभ बुधवार से पूरे देश में किया जा चुका है। इसी क्रम में राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी जिलों में योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ गुरुवार को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा।
जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम सागर तालाब, ग्राम पंचायत रिडमलसर में होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा जिला कलेक्टर निशान्त जैन के मार्गदर्शन में किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विकास अधिकारी, पंचायत समिति बीकानेर को प्रभारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर योजना की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायत रिडमलसर भवन में ओडिशा से आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी प्रदर्शित किया जाएगा।
श्रीमती पांडे ने बताया कि वीबी-जीरामजी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, जल संवर्धन, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाना है। योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं सशक्त ग्रामों के निर्माण को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों पर विशेष फोकस रहेगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीण नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर योजना के सफल शुभारंभ के सहभागी बनने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।











