अबतक इंडिया न्यूज 21 सितंबर देशनोक । पुलिस थाना देशनोक क्षेत्र के रोही देशनोक स्थित एक खेत में 21 सितंबर मंगलवार को एक अत्यंत दुखद दुर्घटना घटी। खेत में बनी पानी से भरी डिग्गी में डूबने के कारण एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में पंकज, क्रिस (5 वर्ष) और कार्तिक (4 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर मंडी के रहने वाले थे, जो यहां खेत में काम करने आए हुए थे।
छोटे भाइयों को बचाने के प्रयास में डूबा बड़ा भाई
देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत ने बताया कि पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, शाम करीब 5:00 बजे पंकज खेत की डिग्गी का पानी (पंप) स्टार्ट कर रहा था। इसी दौरान उसके चाचा विजय कुमार का बेटा क्रिस और सुनील का बेटा कार्तिक का अचानक पैर फिसल गया और वे पानी से भरी डिग्गी में गिर गए। उन्हें डूबता देख और बचाने के लिए पंकज भी तुरंत डिग्गी में कूद गया। पानी गहरा होने के कारण तीनों डिग्गी में डूब गए।
परिजनों ने नहीं जताया कोई शक, पोस्टमार्टम की मांग
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने तीनों बच्चों को डिग्गी से बाहर निकाला और देशनोक के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक पंकज के पिता किशोर (पुत्र बंशीलाल) ने देशनोक थानाधिकारी को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि तीनों बच्चों की मृत्यु काम करते समय अचानक डिग्गी में डूबने से हुई है और उन्हें इस हादसे पर किसी प्रकार का शक-सुभा नहीं है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिए। किशोर पुत्र बंशीलाल कि रिपोर्ट पर देशनोक पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की हैं। इस दुःखद हादसे की जांच देशनोक एसएचओ सुमन शेखावत को सौंपी गई हैं।












