अबतक इंडिया न्यूज 30 अगस्त देशनोक । देशनोक नगरपालिका चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आगामी 11 सितम्बर को होने वाले मतदान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में चुनावी रणनीति को धार देने के लिए भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी सोमवार (31 अगस्त) सुबह 8 बजे देशनोक पहुंचेंगे।
वार्ड-वार लेंगे फीडबैक, बनाएंगे जीत का रोडमैप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशनोक पहुंचने के बाद भाटी स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में वे वार्ड-वार कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर जमीनी चुनावी स्थिति का फीडबैक लेंगे। भाटी का यह दौरा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। वे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के साथ-साथ ‘हर बूथ-हर घर’ जनसंपर्क अभियान का मंत्र भी देंगे।
बूथ प्रबंधन और विरोधी दल की कलह पर नजर
बैठक के दौरान देशनोक के प्रत्येक वार्ड में भाजपा की सांगठनिक स्थिति, बूथ प्रबंधन को मजबूत करने और विपक्षी पार्टी कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान का राजनीतिक लाभ उठाने जैसे मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से रणनीति तैयार की जाएगी। पालिका चुनाव में देवी सिंह भाटी जैसे वरिष्ठ और जमीनी नेता की सक्रियता को भाजपा का बड़ा दांव माना जा रहा है।












