Home » बजट 2024 » बजट 2025-26 » उप जिला चिकित्सालय बज्जू के भवन निर्माण हेतु पैंतीस करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य – विधायक भाटी

उप जिला चिकित्सालय बज्जू के भवन निर्माण हेतु पैंतीस करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य – विधायक भाटी

अबतक इंडिया न्यूज 1 जनवरी कोलायत, बीकानेर। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू कस्बे को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। बजट घोषणा 2024-25 (घोषणा संख्या 73.21.00) के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बज्जू को उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की प्रक्रिया अब धरातल पर उतर चुकी है। इस संबंध में भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन, वित्तीय स्वीकृति एवं निविदा प्रक्रिया तीनों चरण पूरे कर लिए गए हैं।

राजस्थान सरकार के वित्त (व्यय-1) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बज्जू में उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा बज्जू में 24 बीघा चिन्हित भूमि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बीकानेर को सौंप दी गई है, जिससे निर्माण कार्य प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान द्वारा EPC मोड पर उप जिला चिकित्सालय बज्जू के भवन निर्माण हेतु लगभग ₹3500 लाख की लागत से ई-निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। निविदा आमंत्रण के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि बज्जू में शीघ्र ही आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना का निर्माण कार्य शुरू होगा।

श्रीकोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि
“बज्जू को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी। आज भूमि आवंटन से लेकर वित्तीय स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया तक पूरी होने से यह सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक चरण में पहुंच गया है। इससे कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण व सीमावर्ती इलाकों के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी।”

विधायक भाटी ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उप जिला चिकित्सालय के निर्माण से आपातकालीन सेवाएं, विशेषज्ञ उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ होगा तथा आमजन को बड़े शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *