अबतक इंडिया न्यूज कोलायत 29 जुलाई। श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती कस्बे बज्जू को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। बज्जू स्थित उप जिला चिकित्सालय के नए और अत्याधुनिक भवन के निर्माण के लिए राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने ₹28.54 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। यह स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 और 2025-26 के बजट में की गई घोषणाओं की अनुपालना के तहत प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का हार्दिक आभार जताया है।
ग्रामीण अंचल के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक भाटी ने कहा कि बज्जू में आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल भवन बनने से दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। क्षेत्रवासी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता महसूस कर रहे थे, और यह स्वीकृति उस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
कोलायत क्षेत्र में विकास को मिल रही नई गति
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार कोलायत विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और बिजली जैसे आधारभूत ढांचों के विस्तार के लिए लगातार नए कार्य मंजूर किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के इन जनकल्याणकारी निर्णयों से ग्रामीण अंचलों में आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।












