Home » भारतीय रेल » जोधपुर मंडल के देशनोक सहित 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को होगा अमृत जनसंवाद

जोधपुर मंडल के देशनोक सहित 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को होगा अमृत जनसंवाद

अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर, 18 अक्टूबर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत 22 अक्टूबर 2026 को जोधपुर सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अमृत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य रेल यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं स्वच्छता संबंधी अपेक्षाओं को जानना तथा रेलवे सेवाओं में सुधार के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

मंडल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जोधपुर, भगत की कोठी, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, मेड़ता रोड, नोखा, डेगाना, सुजानगढ़, मकराना, बालोतरा, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, रामदेवरा, फलोदी, देशनोक, डीडवाना एवं रेन रेलवे स्टेशनों पर नामित अधिकारियों की उपस्थिति में अमृत जनसंवाद आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मंडल के शेष स्टेशनों पर भी संबंधित स्टेशन अधीक्षकों के समन्वय से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी। यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल वातावरण बनाने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

माँ करणी के जन्मोत्सव पर देशनोक में निकली भव्य शोभायात्रा, Gen-Z थीम और ‘चील रूपा सांवली’ के दर्शन से गदगद हुए श्रद्धालु, दर्शन व स्वागत में उमड़े श्रद्धा के सैलाब ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करना, यात्री सुविधाओं में सुधार करना तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल सभी रेल यात्रियों से अपील करता है कि वे अमृत जनसंवाद में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *