अबतक इंडिया न्यूज दौसा 1 जुलाई । राजस्थान के दौसा जिले से सड़क हादसे की एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी. इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य के घायल होने की खबर है. पुलिस ने आशंका जताई है कि बस चालक को झपकी आने के कारण ये बड़ा हादसा हुआ है.
यह घटना एक्सप्रेस-वे पर कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की है. खाई में बस के गिरते ही पिछले हिस्से में आग लग गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
6 यात्रियों की आग में झुलसने से मौत
घटना के बाद कई गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया. घायलों में महिला और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है. घटना के दौरान 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने के कारण हुई है, जबकि 2 यात्रियों की सिर में चोट लगने से मौत की खबर है.
बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई.
मुख्यमंत्री ने भजन लाल शर्मा ने जयाता शोक
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हादसे की पूरी जानकारी ली. सीएम ने मृतकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने घायलों के तुरंत उपचार के लिए निर्देश दिए हैं.
दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार पीड़ादायक है।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 1, 2026
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा तथा तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए.
कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने जताया दुख
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे पर कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा, “एक दुखद घटना हुई है; सुबह करीब 3:00 बजे हादसे के बाद एक बस में आग लग गई. अब तक पूरी तरह से जल चुके आठ शव बरामद किए गए हैं और 11 लोगों को यहां भर्ती कराया गया है.”











