Home » राजनीति » देशनोक नगर पालिका चुनाव: भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, पार्षद पद के लिए उमड़े दावेदार

देशनोक नगर पालिका चुनाव: भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, पार्षद पद के लिए उमड़े दावेदार

अबतक इंडिया न्यूज 24 अगस्त देशनोक । देशनोक नगर पालिका के आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी की ओर से पार्षद पद के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए जाने के बाद सैकड़ों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में दावेदारी सामने आने को पार्टी के मजबूत संगठनात्मक आधार और कार्यकर्ताओं के उत्साह के रूप में देखा जा रहा है।कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी के निर्देशानुसार कार्यकर्ताओं के लिए बीकानेर स्थित बरसलपुर हाउस (विधायक सेवा केंद्र) में आवेदन जमा कराने की व्यवस्था की गई थी। तय समय सीमा तक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने आवेदन जमा कराए।मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा का सबसे बड़ा आधार हैं। उन्होंने कहा कि देशनोक से प्राप्त सैकड़ों आवेदन इस बात का प्रमाण हैं कि संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का विश्वास और चुनाव को लेकर उत्साह लगातार मजबूत हो रहा है।

विधायक भाटी ने आश्वस्त किया कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है और सभी दावेदारों की सक्रियता व निष्ठा का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श के बाद ही योग्य और जीत की प्रबल संभावना वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

 

उन्होंने सभी आवेदकों का आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, अंतिम लक्ष्य पार्टी की जीत और देशनोक के समग्र विकास को गति देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *