अबतक इंडिया न्यूज 17 अगस्त देशनोक । रविवार रात देशनोक थाना क्षेत्र में पलाना पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलाना पुलिया के समीप केमिकल फैक्ट्री की तरफ अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गाय को बचाने में हुआ हादसा
देशनोक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। भोलासर निवासी वीरेंद्र सिंह और सीकर जिले के पलसाना निवासी संदीप बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे पलाना पुलिया के पास स्थित केमिकल फैक्ट्री के पास पहुंचे, अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। गाय को टकराने से बचाने के चक्कर में चालक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक हादसे का शिकार हो गई।
एक का इलाज जारी, पुलिस में शिकायत नहीं
घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बीकानेर स्थित ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद वीरेंद्र सिंह को छुट्टी दे दी, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप का उपचार बीकानेर ट्रॉमा सेंटर में अभी जारी है।
मामले की जानकारी मिलने तक इस दुर्घटना के संबंध में देशनोक थाने में परिजनों या घायलों की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।












