अबतक इंडिया न्यूज 3 अगस्त बीकानेर । रीट भर्ती 2022 के तहत विशेष शिक्षा (विज्ञान-गणित) लेवल-2 के चयनित अभ्यर्थी पिछले 9 महीनों से अपने नियुक्ति आदेश का इंतजार कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन पूर्ण होने के बावजूद अंतिम नियुक्ति आदेश जारी न होने से नाराज अभ्यर्थी शिक्षा निदेशालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। धरने का एक सप्ताह पूरा हो चुका है, लेकिन विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
मानसिक तनाव में अभ्यर्थी, स्कूलों में पद खाली
धरनार्थियों का कहना है कि वे सभी प्रक्रियाएं पार कर चुके हैं, फिर भी उन्हें बेरोजगारी और भारी मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि एक तरफ राज्य के कई सरकारी स्कूलों में विज्ञान-गणित के शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ योग्य और चयनित शिक्षक सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग द्वारा कई चरणों में किए जा रहे पत्राचार के कारण जिला आवंटन और नियुक्ति में बेवजह देरी हो रही है।
निदेशक की अनुशंसा के बाद भी अटकी नियुक्ति
मामले में दिलचस्प पहलू यह है कि 22 अप्रैल को तत्कालीन शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने 58 अप्रभावित अभ्यर्थियों के जिला आवंटन एवं नियुक्ति के संबंध में शासन से अनुमति पत्र जारी कर दिया था। कुल 80 चयनितों में से 58 ऐसे अभ्यर्थी हैं जिनकी नियुक्ति पर कोई कानूनी या तकनीकी अड़चन नहीं है, फिर भी आदेश जारी नहीं किए जा रहे।
हाईकोर्ट की ओर से कोई रोक नहीं
अभ्यर्थियों ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय ने भी अपने किसी आदेश में नियुक्ति प्रक्रिया रोकने या चयनितों को बाहर करने का निर्देश नहीं दिया है। जब न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन था, उस दौरान भी विभाग स्तर पर तीन बार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। ऐसे में अब 58 अभ्यर्थियों को रोके जाने का कोई ठोस कारण नजर नहीं आता।
चयनितों की मांग: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने रीट 2022 लेवल-2 विशेष शिक्षा (विज्ञान-गणित) का परिणाम 10 अक्टूबर को जारी किया था। लगभग 10 महीने बीत जाने के बाद भी भटक रहे अभ्यर्थियों ने मांग की है कि न्यायालयीन निर्णय जैसी किसी भी शर्त के बिना उन्हें तुरंत पूर्ण नियुक्ति प्रदान की जाए।











