अबतक इंडिया न्यूज 31 जुलाई नई दिल्ली / चूरू। चूरू संसदीय क्षेत्र में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से चूरू सांसद राहुल कस्वां ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस बैठक के दौरान सांसद कस्वां ने क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्गों के जीर्णोद्धार, नए फ्लाईओवरों के निर्माण और सर्विस रोड से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा।
मुलाकात के दौरान सांसद राहुल कस्वां ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-709E (सादुलपुर से पिलानी) का मुद्दा उठाते हुए बताया कि इस मार्ग का ‘डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड’ (DLP) पूरा हो चुका है। ऐसे में आमजन और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस राजमार्ग पर री-कार्पेटिंग का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए।
चार नए फ्लाईओवरों की मांग क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सांसद ने चार प्रमुख स्थानों पर नए फ्लाईओवर निर्माण की मांग रखी:
-
NH-58 पर सालासर से भांगीवाद मार्ग
-
चूरू में रामसरा-ऊंटवालिया जाने वाला मार्ग
-
सादुलपुर में ढंढ़ाल जाने वाला मार्ग
-
लुद्दी झाबर से लुटाना सदासुख मार्ग
रतनगढ़-फतेहपुर फोरलेन और चूरू रिंग रोड
सांसद कस्वां ने NH-11 के रतनगढ़-फतेहपुर खण्ड को फोरलेन के रूप में विकसित करने के लिए चल रही DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के काम को जल्द पूरा कर वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। इसके अलावा चूरू जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित रिंग रोड की DPR प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर स्वीकृति देने तथा सादुलपुर में NH-709E से NH-52 वाया बहल रोड बाईपास (जिसकी DPR बन चुकी है) के लिए बजट जारी कर निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराने पर जोर दिया।
स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू करने की अपील
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि संसदीय क्षेत्र में जो कार्य पहले से स्वीकृत हैं, उनका जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाए। इनमें शामिल हैं:
- NH-52 स्थित गांव बोबासर में सड़क चौड़ीकरण
- NH-52 पर सिधमुख ओवरब्रिज से तारानगर ओवरब्रिज के बीच सर्विस रोड का निर्माण
- सालासर में NH-58 के समाप्ति स्थल पर नया फ्लाईओवर
- सादुलपुर में पिलानी ओवरब्रिज से रड़वा बाईपास तक फोरलेन सड़क
स्ट्रीट लाइट्स और अन्य सुविधाएं
क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद कस्वां ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 और 58 पर स्थित सभी फ्लाईओवरों एवं बस स्टैंडों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का भी सुझाव दिया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद राहुल कस्वां की सभी मांगों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और चूरू संसदीय क्षेत्र में सड़क विकास से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।











