Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बीकानेर : न्यायालय के आदेश व निगम के नोटिस को ठेंगा, शिवबाड़ी स्थित श्री गुसाई जी मंदिर परिक्रमा क्षेत्र में दिन-रात जारी है अवैध निर्माण

बीकानेर : न्यायालय के आदेश व निगम के नोटिस को ठेंगा, शिवबाड़ी स्थित श्री गुसाई जी मंदिर परिक्रमा क्षेत्र में दिन-रात जारी है अवैध निर्माण

अबतक इंडिया न्यूज 26 जुलाई बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवबाड़ी स्थित कुम्हारों के मोहल्ले में न्यायालय के आदेशों की अवमानना कर अवैध निर्माण कराने का मामला सामने आया है। नगर निगम के नोटिस और पुलिस की सख्त हिदायत के बावजूद एक स्थानीय निवासी द्वारा श्री गुसाई जी महाराज मंदिर की परिक्रमा क्षेत्र को बाधित कर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। हालात यह हैं कि दिन ही नहीं, बल्कि रात्रिकालीन समय में भी निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है।

अदालत से दो बार खारिज हुई याचिका

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार प्रजापत ने इस मामले को लेकर वर्ष 2011 में सत्यनारायण नामक व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट में परिवाद पेश किया था, जिसे अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश संख्या 4 ने खारिज कर दिया था। इसके बाद 2022 में अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायालय में पुनः वाद दायर किया गया, जिसे भी अदालत ने अस्वीकार कर दिया। न्यायालय के आदेश में स्पष्ट हुआ कि मंदिर का कोई अतिक्रमण नहीं है और मंदिर की स्थिति पूरी तरह वैध है।

निगम के नोटिस और पुलिस की हिदायत का भी असर नहीं

स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम के अतिक्रमण अनुभाग अधिकारी ने 3 जुलाई को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तुरंत रोकने, स्वामित्व दस्तावेज और निर्माण स्वीकृति प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। वहीं जेएनवीसी थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना कर विवादित स्थल पर निर्माण न कराने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद आरोपी की हठधर्मिता के कारण अवैध निर्माण लगातार जारी है, जिससे क्षेत्र में कभी भी तनाव और अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन

श्री गुसाई जी महाराज मंदिर विकास सेवा समिति ने जेएनवीसी थाने में शिकायती पत्र देकर अप्रिय घटना की आशंका जताई है। समिति पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अदालत के फैसले, पुलिस व निगम की प्रतिकूल मौका रिपोर्ट के बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। लगातार हो रही अनदेखी के विरोध में समिति की ओर से सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *