Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » नोखा में कांग्रेस का प्रदर्शन: प्रधानमंत्री का पुतला दहन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

नोखा में कांग्रेस का प्रदर्शन: प्रधानमंत्री का पुतला दहन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

अबतक इंडिया न्यूज 23 जुलाई नोखा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नोखा शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं पर हुए लाठीचार्ज, पेपर लीक प्रकरण तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में नोखा में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को शांतिपूर्ण धरने के दौरान हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है और पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग करती है।

देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनिवास तरड़ ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों और युवाओं की आवाज़ को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों एवं युवाओं के न्याय की लड़ाई में सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।

शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहनलाल लीलड़ ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति एवं विभिन्न जनविरोधी नीतियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

इस दौरान पेपर लीक प्रकरण को लेकर अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह एवं अनशन पर बैठे राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष जुगल हटीला का कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया तथा उनके आंदोलन को समर्थन दिया।

कार्यक्रम में सरपंच संघ अध्यक्ष पुरखाराम मेघवाल, जिला महासचिव केदारमल कठातला, जिला सचिव गणेश डूडी, मंडल अध्यक्ष भियाराम मेघवाल, भंवरलाल सारण, राकेश जैन, गौरीशंकर नाई, श्रीराम डेलू, पूर्व सरपंच ओंकारमल ढाल, पूर्व सरपंच शेरसिंह भाटी, सेवादल अध्यक्ष गंगाराम डूडी, गोपीराम, कॉलेज पूर्व अध्यक्ष दिनेश सारण, युवा कांग्रेस के पवन छींपा, राकेश खीचड़, धर्माराम राहड़, मांगीलाल बिश्नोई, ओमप्रकाश तरड़ पूर्व पंचायत समिति सदस्य भियाराम मेघवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *