Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » देशनोक: जागरूक युवाओं की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बची अधेड़ की जान, पेड़ पर लटककर किया था आत्महत्या का प्रयास

देशनोक: जागरूक युवाओं की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बची अधेड़ की जान, पेड़ पर लटककर किया था आत्महत्या का प्रयास

अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 16 जुलाई । देशनोक के नेहड़ीजी मंदिर रोड़ पर गुरुवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक अधेड़ व्यक्ति ने पेड़ से लटक कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मंदिर से दर्शन कर लौट रहे स्थानीय जागरूक युवाओं की सूझबूझ और पुलिस व डॉक्टरों की तत्परता से व्यक्ति को समय रहते बचा लिया गया।

युवाओं ने दिखाया साहस, समय रहते उतारा नीचे

जागरूक युवा आनंद भार्गव ने बताया कि रात करीब 9:15 बजे वे अपने मित्र दिलीप के साथ नेहड़ी जी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे उन्होंने एक व्यक्ति को पेड़ से लटका देखा। मंजर देखते ही दोनों तुरंत रुके और सूझबूझ दिखाते हुए स्थानीय अधेड़ कालूराम (पुत्र जियाराम मेघवाल) को फंदे से नीचे उतारा।

पुलिस और चिकित्साकर्मियों की तत्परता आई काम

युवाओं ने बिना वक्त गंवाए तुरंत देशनोक पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और मौके पर पहुंचकर घायल कालूराम को तुरंत देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। CHC में मौजूद चिकित्सकों ने बिना देरी किए तत्काल इलाज शुरू किया, जिससे समय रहते कालूराम की जान बचाई जा सकी।

मजदूरी विवाद और प्रताड़ना बनी वजह!

प्राथमिक जांच में सामने आया कारण: शुरुआती जानकारी के अनुसार, आत्महत्या के इस प्रयास के पीछे किसी मजदूर को मजदूरी पर साथ ले जाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।  अधेड़ ने बताया  कि मजदूर की एवज में किसी व्यक्ति द्वारा किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना से दुखी होकर  यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

देशनोक पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट मिलते ही उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की सख्त और निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *