अबतक इंडिया न्यूज 14 जून । राजस्थान और गुजरात के लोगों को जल्द ही एक नई रेल सेवा का शानदार उपहार मिलने जा रहा है। रेल मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शीघ्र ही अहमदाबाद (साबरमती) – बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह नई रेल सेवा गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान के बीकानेर के बीच सीधा, तेज और अत्यंत सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
यह नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन और व्यापारिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। अब गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की प्रसिद्ध ‘रानी की वाव’ और अहमदाबाद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का आनंद लेना हो, या फिर राजस्थान के भव्य जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर की समृद्ध संस्कृति और मरुस्थलीय पर्यटन का अनुभव करना हो, यह नई एक्सप्रेस यात्रियों को बिना किसी परेशानी के सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
दैनिक संपर्क से आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई ऊर्जा
लगभग 740 किलोमीटर की कुल दूरी तय करने वाली यह नई एक्सप्रेस सेवा के प्रारंभ होने के साथ ही बीकानेर से अहमदाबाद तक दैनिक एक्सप्रेस रेल संपर्क का सपना साकार हो जाएगा। इस दैनिक ट्रेन सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही यह ट्रेन दोनों राज्यों के क्षेत्रीय विकास, आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव :
ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ तय किए गए हैं। इस रूट से गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों के निवासियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के लोगों को अनेक महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और सेवाओं की सौगात दी है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था तथा जैसलमेर में अत्याधुनिक ‘कोच केयर कॉम्प्लेक्स’ का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोचों के साथ संचालित करने की बड़ी सौगात दी गई, वहीं साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किया गया। इसके साथ ही जालौर से मंत्री जी द्वारा भुज-जालौर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई, जिससे जालौर, पाली और आसपास के क्षेत्रों को पहली बार दिल्ली और भुज से सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ है।











