Home » देश » राजस्थान में नई ट्रेनों,स्टेशन अपग्रेडेशन और कार्गो टर्मिनलों से बदल रही तस्वीर, राजस्थान में रेलवे विकास को मिली नई गति,जोधपुर मंडल को भी बड़ा फायदा-रेल मंत्री वैष्णव

राजस्थान में नई ट्रेनों,स्टेशन अपग्रेडेशन और कार्गो टर्मिनलों से बदल रही तस्वीर, राजस्थान में रेलवे विकास को मिली नई गति,जोधपुर मंडल को भी बड़ा फायदा-रेल मंत्री वैष्णव

अबतक इंडिया न्यूज 16 मई जोधपुर। रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान में जोधपुर मंडल को बड़ी सौगातें मिली हैं। नई ट्रेनों के संचालन,स्टेशनों के पुनर्विकास और कार्गो टर्मिनलों की शुरुआत से मंडल की रेल कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। इससे यात्रियों के साथ पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अलवर में शुक्रवार को 400 सौ करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद कहा कि राजस्थान में रेलवे के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं और इसका लाभ जोधपुर मंडल सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों,आधुनिक स्टेशनों और माल परिवहन ढांचे के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने जोधपुर का जिक्र करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बाड़मेर-जैसलमेर आदि स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो चुका है।

जोधपुर मंडल के कई रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण,यात्री सुविधाओं के विस्तार,बेहतर प्रतीक्षालय,लिफ्ट,पार्किंग और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े वैष्णव ने कहा कि रेलवे की ओर से दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के बाद राजधानी दिल्ली तक यात्रा पहले से तेज और सुविधाजनक हो गई है। इसके अलावा जैसलमेर-दिल्ली स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस,हैदराबाद-भगत की कोठी एक्सप्रेस और पुणे-जोधपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों ने लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ भी उपस्थित रहे।

माल परिवहन के क्षेत्र में भी जोधपुर मंडल को मजबूती
उन्होंने कहा कि माल परिवहन के क्षेत्र में भी मंडल को मजबूती मिली है। मारवाड़ मुंडवा,सोनू,हनवंत व केरला सहित कई स्थानों पर गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए हैं। इससे उद्योगों और व्यापारिक इकाइयों को तेज और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

जोधपुर में यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों को गति मिली
रेलवे के अनुसार वर्ष 2014 के बाद राजस्थान में करीब 3900 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है,जिसका लाभ जोधपुर मंडल को भी मिला है।इसके अतिरिक्त लूनी-भीलड़ी रेलखंड का दोहरीकरण कार्य प्रगति पर है। वहीं रेलवे बजट में बढ़ोतरी से मंडल में आधारभूत ढांचे और यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों को गति मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *