Home » देश » बंगाल के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी, राज्यपाल ने पद की शपथ दिलाई, पीएम मोदी समारोह में शामिल हुए

बंगाल के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी, राज्यपाल ने पद की शपथ दिलाई, पीएम मोदी समारोह में शामिल हुए

अबतक इंडिया न्यूज 9 मई कोलकाता । बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्यपाल आर एन रवि ने शुभेंदु को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए. समारोह में हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए.

शुभेंदु के साथ पांच मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की देखरेख में शुक्रवार को कोलकाता में हुई बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुनाव गया था. बाद में अमित शाह ने मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु के नाम की घोषणा की.

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी का पूरा शीर्ष नेतृत्व मौजूद है. एनडीए के सहयोगी दलों के नेता और मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए. पार्टी नेताओं का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व का आना पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार बनाने की अहमियत को दिखाता है.

पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी

बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की. राज्यपाल आर एन रवि ने शुभेंदु को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शुभेंदु बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं.

पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद माखनलाल सरकार का आशीर्वाद लिया

पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद पश्चिम बंगाल में BJP के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार को बधाई दी और उनका आशीर्वाद लिया.

1952 में, माखनलाल सरकार को कश्मीर में तब गिरफ्तार किया गया था, जब वे वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे. 98 साल की उम्र में, माखनलाल सरकार आजादी के बाद के भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी स्तर के लोगों में से एक हैं.

‘सोनार बांग्ला युग की शुरुआत’: शुभेंदु अधिकारी

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “पश्चिम बंगाल के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक सुबह. दूरदर्शी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सिटी ऑफ जॉय में स्वागत करना बहुत गर्व और खुशी का पल है. आज, जब हम आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बन रहे हैं, हम अपने संस्थापक पिताओं के सपनों को पूरा कर रहे हैं. आज दशकों के कुशासन का अंत और विकास, शांति और खुशहाली के ‘डबल इंजन’ युग की शुरुआत है. ‘सोनार बांग्ला’ का युग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है. स्वागत है, प्रधानमंत्री जी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *