अबतक इंडिया न्यूज 26 अप्रैल जयपुर । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन राजस्थान पहली बार 27 अप्रैल को राजस्थान आ रहे है । यह दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है. टोंक में भारतीय जनता पार्टी की मेगा सभा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. खास इसलिए भी क्योंकि टोंक विधानसभा कांग्रेस नेता सचिन पायलट का गढ़ भी है. इस लिहाज से भी बीजेपी का यह आयोजन अहम माना जा रहा है.
,”पधारो म्हारे देश” की तर्ज पर हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक 11 जगहों पर होगा स्वागत
सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत राजस्थानी परंपरा होगा. हेलीपैड से सभा स्थल तक 11 जगहों पर ढोल-नगाड़े और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य स्वागत की तैयारी है. प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पहले ही सभा स्थल का पूजन कर तैयारियों का जायजा लिया है. वहीं, कैबिनेट मंत्री भी तैयारी में जुटे हैं. जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. सबसे पहले एयरपोर्ट के बाहर पहुंचने पर बगरू, चाकसू, सांगानेर विधानसभा की ओर से स्वागत होगा. इस दौरान नितिन नबीन वहां कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे. इसके बाद जवाहर सर्किल पर बस्सी, दूदू, फुलेरा विधानसभा के कार्यकर्ता पलक पांवड़े बिछाते हुए स्वागत करेंगे. डब्ल्यूटीपी के सामने मालवीय नगर, आदर्श नगर विधानसभा और शिक्षा संकुल पर आमेर व जमवारामगढ़ के कार्यकर्ता पुष्प वर्षा और अन्य प्रकार से स्वागत करेंगे.
इस दौरान ओटीएस में ग्राम रथ रवाना करने के कार्यक्रम में नितिन नबीन शामिल होंगे. राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए रथ रवाना होंगे. ओटीएस से युवा मोर्चा की बाइक रैली राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्कार्ट करते हुए आगे चलेगी. रैली में करीब दो हजार युवा मोटरसाइकिलों पर चलेंगे. कानोडिया कॉलेज पर विद्याधर नगर, जेडीए सर्किल पर झोटवाड़ा, रामबाग पर हवा महल और किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे.
अम्बेडकर सर्किल पर सिविल लाइंस विधानसभा कार्यकर्ता, बाइस गोदाम पर ओबीसी, एसटी, अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यकर्ता स्वागत करेंगे. राजमहल होटल के पास महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कलश लेकर स्वागत करेंगी. कार्यालय पर एससी और किसान मोर्चा पारंपरिक तरीके से जोरदार पुष्प वर्षा करेंगे.पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्वागत की परम्परा में पधारो म्हारे देश का अनुभव कराना चाहती है. यही वजह है कि अलग-अलग जगह अलग-अलग ढंग से स्वागत किया जाएगा.
दुल्हन की तरह सजाया बीजेपी कार्यालय
इधर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए बीजेपी प्रदेश कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है. कार्यालय भवन और परिसर को रोशनी से जगमग किया गया है. परिसर में पार्टी झंडों के साथ ही केसरिया पताकाएं और पर्दे आदि लगाए गए हैं. यूं कह सकते हैं कि कार्यालय में भगवा ही भगवा दिखाई देगा. पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद नितिन नबीन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे.
7 नए पार्टी ऑफिस का भी होगा उद्घाटन
इसी दौरान, टोंक में बीजेपी के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा. साथ ही राजस्थान के छह अन्य पार्टी कार्यालयों का वर्चुअली उद्घाटन भी किया जाएगा. इसके बाद बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ एक बड़ी जनसभा आयोजित होगी.











