अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 9 अप्रैल । राष्ट्रीय राजमार्ग 62 देशनोक – नोखा रोड पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज (C-7) के नीचे 3 दिन पहले हुई बेमौसम बारिश का पानी का जमावड़ा हो गया है। जल निकासी हेतु निर्मित नाला पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे अंडरब्रिज में पानी का तालाब बना हुआ है।राहगीरों के लिए जानलेवा स्थिति बनी हुई हैं।अवरुद्ध नाले का समय रहते दुरुस्तीकरण नहीं हुआ तो बारिश के मौसम में स्थिति और भी बेहद ख़तरनाक हो सकती हैं।
यह अंडरब्रिज मार्ग करणी माता मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख एवं अत्यंत व्यस्त मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन एवं श्रद्धालु इस मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके साथ ही, इसी मार्ग से बड़ी संख्या में यात्री नोखा, बीकानेर एवं जयपुर की ओर यात्रा करते हैं। पिछले तीन दिनों से बरसात के बाद अंडरब्रिज में भरे पानी के कारण आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कीचड से उत्पान्न फिसलन के कारण कई बार लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। जलभराव के कारण सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे दुपहिया वाहन फिसलने एवं दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से रात के समय यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है, जब पानी की गहराई का अनुमान लगाना कठिन हो जाता है। इसके अतिरिक्त, लंबे समय तक गंदा पानी भरा रहने से वहां दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।










