अबतक इंडिया न्यूज 20 मार्च देशनोक । देशनोक करणी माता मंदिर में शुक्रवार को चैत्र नवरात्रा की घटस्थापना की गई।मंदिर के शास्त्रोक्त आचार्य नरेंद कुमार मिश्र के सान्निध्य में वैदिक विधिपूर्वक घटस्थापना शुक्रवार को सुबह साढ़े सात से दस बजे के बीच की गई।इस अवसर पर महाआरती व महाभोग का आयोजन किया गया।इससे पूर्व मां करणी की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया।अलसूबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई।
घटस्थापना की पूर्व संध्या पर बारिश के बावजूद मंदिर को रंग -बिरंगी रोशनी से सजाया गया।प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए प्रन्यास स्तर पर सभी माकूल इंतजाम किए गए है।मंदिर प्रन्यास द्वारा संचालित सभी धर्मशालाओं में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई हैं। इसी के साथ मंदिर की भोजनशाला में निशुल्क भोजन की भी व्यवस्था की गई हैं।प्रन्यास की ओर से नियुक्त स्वयं सेवकों द्वारा कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी संचालित की जा रही हैं। नवरात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधार्थ मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा।
देशनोक एसएचओ सुमन शेखावत ने बताया कि नवरात्र मेले में सुचारू यातायात व्यवस्था व यात्री सुरक्षा के लिहाज से 40 पुलिस जवानों का विशेष जाप्ता तैनात किया गया है जिसमे महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।अप्रिय घटनाओं की रोकथाम हेतु सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।साथ ही मंदिर परिसर के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही हैं।









