Home » राज्य » बिहार » राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट जारी ,नितिन नवीन समेत 9 प्रत्याशियों के नाम घोषित

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट जारी ,नितिन नवीन समेत 9 प्रत्याशियों के नाम घोषित

अबतक इंडिया न्यूज 3 मार्च । 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव है और इस चुनाव के लिए बीजेपी ने मंगलवार अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी की ओर से जारी पहली लिस्ट में 6 राज्यों से 9 नाम हैं जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही पहली लिस्ट में एक महिला उम्मीदवार को बीजेपी की ओर से मौका मिला है। भारतीय जनता पार्टी की पहली लिस्ट में किस राज्य से किसको मौका मिला है उसके बारे में जानते हैं।

नितिन नवीन: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीनको आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को घोषित सूची में बिहार से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन फिलहाल पटना की बांकीपुर सीट से MLA हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनके राज्यसभा जाने की चर्चा तेज थी और अब इस बात पर मुहर भी लग गई है।

राहुल सिन्हा: 
बंगाल में जब बीजेपी का कोई मजबूत जनाधार नहीं था तब से राहुल सिन्हा पहले वामदल और फिर टीएमसी से टकरा रहे थे। वह लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हैं। राहुल सिन्हा को बंगाल चुनाव से पहले राज्यसभा भेजकर बीजेपी एक स्पष्ट संदेश देना चाहती है। पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा पश्चिम बंगाल बीजेपी का एक जाना माना नाम हैं।

लक्ष्मी वर्मा: बीजेपी की पहली लिस्ट में एक मात्र महिला उम्मीदवार हैं छत्तीसगढ़ इकाई की उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा  छत्तीसगढ़ में सक्रिय और वरिष्ठ महिला नेत्री लक्ष्मी वर्मा को बीजेपी ने राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के साथ ही बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। संगठन में इनकी काफी सक्रियता है। 59 वर्षीय लक्ष्मी वर्मा राज्य के प्रभावशाली माने जाने वाले कुर्मी समाज ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) से आती हैं। मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी लक्ष्मी वर्मा अब रायपुर में रहती हैं।

जोगेन मोहन:
असम चुनाव से पहले जोगेन मोहन का नाम राज्यसभा के लिए आगे बढ़ाकर बीजेपी ने एक बड़ा संदेश दिया है। असम की राजनीति में जोगेन मोहन का एक बड़ा नाम है और वह राज्य में कैबिनेट मंत्री हैं। वह कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। जोगेन मोहन को असम की राजनीति में बीजेपी को मजबूत करने वाले प्रमुख चेहरों में गिना जाता है।

तेराश गोवाला: विधायक तेराश गोवाला असम से संसद के उच्च सदन के चुनावों के लिए भाजपा के प्रत्याशी होंगे। तेराश गोवाला असम के दुलियाजान सीट से विधायक हैं। पार्टी के भीतर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। तेराश गोवाला को अब बीजेपी ने राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।

मनमोहन सामल: भाजपा ने अपनी ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। लंबे समय से ओडिशा की सत्ता पर काबिज नवीन पटनायक को सत्ता से बेदखल करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले मनमोहन सामल को राज्यसभा के लिए आगे बढ़ाकर पार्टी ने बड़ा इनाम दिया है। 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में वह मामूली अंतर से हार गए थे लेकिन राज्य में कमल खिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सुजीत कुमार: ओडिशा से मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को भी आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए राज्य से बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। कुमार का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होगा।

शिवेश कुमार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार को बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। नितिन नवीन के अलावा बिहार से बीजेपी ने शिवेश कुमार राम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री छेदी पासवान की जगह शिवेश कुमार राम को बीजेपी ने 2024 में सासाराम से लोकसभा उम्मीदवार बनाया था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि हार के बाद भी पार्टी में काफी एक्टिव हैं। हाल के वर्षों में बीजेपी ने किसी दलित चेहरे को राज्यसभा नहीं भेजा है अब पार्टी ने शिवेश कुमार पर भरोसा जताया है।

संजय भाटिया: संजय भाटिया हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी होंगे। साल 2019 में करनाल लोकसभा चुनाव ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बावजूद संजय भाटिया को पार्टी ने अगले लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया था। उनकी जगह पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने चुनाव लड़ा था। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी लेकिन पार्टी ने संगठन की जिम्मेदारी दी। अब बीजेपी ने उन्हें इनाम के तौर पर राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *