अबतक इंडिया न्यूज 4 फरवरी देशनोक । राष्ट्रीय स्वयं सेवक के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा हैं । देशनोक नगर की माधव बस्ती स्थित श्री मेहाई पार्क उस समय राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बन गया, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में बुधवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदू सम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति के साथ सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन में पधारे संत, संघ पदाधिकारी और अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मंचस्थ अतिथियों ने परिवार प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन का आह्वान किया। संत श्याम सुन्दर महाराज ने कहा कि आज की पीढ़ी का पाश्चात्य संस्कृति की ओर झुकाव चिंताजनक है। वर्तमान समय में सर्वाधिक आवश्यकता बच्चों को संस्कारवान बनाने की है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बादल सिंह ने की जबकि अतिथि के रूप में मंच पर हनुमान दान, गोपाल राम मारू, भंवर दान और निशा भूरा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता टेकचंद बरडिया ने कहा की संघ ने अपने अध्याय यात्रा के 100 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन से समाज परिवर्तन और समाज परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण संभव है। आयोजन समिति के संरक्षक गोपाल राम मारू ने हिंदू सम्मेलन की प्रस्तावना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा भगवद्गीता का सामूहिक पाठ किया गया एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम के अंत में रणवीर सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। भारत माता की आरती और समरसता यज्ञ में आहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सवाई सिंह चारण द्वारा किया गया।









