अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 28 दिसंबर । अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश मे धार्मिक पर्यटन स्थलों पर बड़े स्तर पर पर्यटकों का इजाफा हुआ हैं।अब देश वासियों में हिल स्टेशनों से ज्यादा धार्मिक स्थलों की ओर रुझान बढ़ा।विदेशी सैलानियों में भी भारतीय आध्यात्मिक व देव स्थानों के प्रति क्रेज बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के देशनोक दौरे के बाद देशनोक करणी धाम में भी निरंतर पर्यटकों की भीड़ में भारी इजाफा हो रहा हैं। प्रसादम योजना के जरिए करणी माता मंदिर परिसर में विकास कार्यो से मंदिर के बाहरी परिसर की व्यवस्थाओं व सौन्दर्यकरण से पर्यटकों की सुविधा में बढ़ोत्तरी हो रही हैं।केवल राजस्थान से ही नहीं देश व दुनिया भर के पर्यटकों की पसंद में अब देशनोक भी शुमार हो गया हैं।
ऐसे में इस बार के नए साल की शुरुवात लोग देशनोक स्थित मां करणी के दर्शन से करेंगे।प्रतिवर्ष नए साल पर होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ से इसबार कई गुणा ज्यादा होने की प्रबल संभावना हैं।
चाक-चौबंद तैयारियों में जुटा मंदिर प्रन्यास
प्रन्यास सचिव शंकर दान ने बताया कि नए साल पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुलभ दर्शन के लिए माकूल व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर प्रन्यास द्वारा संचालित धर्मशालाओं की सफाई की विशेष व्यवस्था की गई हैं।यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जायेगी ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो।यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए प्रन्यास की स्वयं सेवकों की टीमें तैनात रहेगी।
देशनोक थानाधिकारी सीआई सुमन शेखावत ने बताया कि नए साल के लिए पुख्ता व माकूल व्यवस्थाओं के लिए उच्चाधिकारियों से मंत्रणा कर विशेष पुलिस जाप्ता मंगवाया जायेगा। यात्री सुरक्षा व यातायात प्रबंधन पर विशेष फोकस रहेगा।









