अबतक इंडिया न्यूज 28 नवंबर जोधपुर। राजस्थान से गुजरात तक रेलगाड़ियों के जरिए शराब की अवैध तस्करी करने वालों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शिकंजा कस दिया है। ट्रेनों को शराब तस्करी का जरिया बनाने की कोशिशों के बीच आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चालू वित्त वर्ष में अब तक 22 मामले पकड़े हैं। इन मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा करीब 13 लाख 57 हजार रुपए मूल्य की शराब जब्त की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में 1 अप्रैल से 26 नवंबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ ने रेलमार्ग से शराब की अवैध आवाजाही रोकने के लिए ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई। विशेष रूप से राजस्थान से गुजरात जाने वाली रेलगाड़ियों को जांच के दायरे में रखा गया। इस दौरान कुल 12 लाख 60 हजार मिलीलीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 57 हजार रुपए बताई गई है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शराब तस्कर रेलगाड़ियों को अवैध कारोबार के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बल की सतर्कता ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पकड़े गए आरोपियों और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों के सुपुर्द किया गया है।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि रेलमार्ग से शराब की अवैध आवाजाही रोकने के लिए आरपीएफ लगातार सतर्कता बरत रही है और विशेष निगरानी के साथ कार्रवाई की जा रही है। अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
टिकट चेकिंग स्टाफ भी बना तस्करों के खिलाफ मजबूत कड़ी
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर टिकट चेकिंग स्टाफ को भी ट्रेनों में शराब तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से भी कई मामलों का खुलासा हुआ है। आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच समन्वय से तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
जोधपुर-गांधीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सबसे ज्यादा तस्करी के मामले
ट्रेनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो ट्रेन संख्या 22483 जोधपुर-गांधीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस शराब तस्करों की सबसे पसंदीदा ट्रेन बनकर सामने आई है। इस ट्रेन में सर्वाधिक 11 मामले पकड़े गए। इसके अलावा गांधीधाम-जोधपुर एक्सप्रेस, दादर-भगत की कोठी सुपरफास्ट, भगत की कोठी-दादर सुपरफास्ट, जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस विवेक एक्सप्रेस, जोधपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस, बीकानेर-दादर सुपरफास्ट, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार एक्सप्रेस, भगत की कोठी-भीलड़ी डेमू, जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट और जोधपुर-हडपसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी एक-एक मामला पकड़ा गया। वहीं जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी शराब तस्करी का एक मामला सामने आया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई ने एक बार फिर रेलमार्ग से होने वाली अवैध गतिविधियों पर निगरानी की अहमियत को उजागर किया है। आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में शराब की अवैध आवाजाही रोकने के लिए विशेष निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।












