अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 28 नवम्बर। अनुदानित उर्वरकों यूरिया और डीएपी की कालाबाजारी, अवैध डायवर्जन तथा किसानों को अन्य उत्पाद जबरन बेचने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत अब जिले के प्रत्येक खाद-बीज विक्रेता को अपनी दुकान पर निर्धारित प्रारूप में सूचना बैनर लगाना अनिवार्य होगा। विभाग ने इसके लिए 1 दिसंबर तक की समय सीमा निर्धारित की है।
संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार मदनलाल ने बताया कि कृषि आयुक्तालय के आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार सभी उर्वरक विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर 3×2 फीट आकार का सूचना बैनर प्रदर्शित करना होगा। इस पर संबंधित फर्म का नाम, लाइसेंस नंबर और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य है।

उर्वरक निरीक्षक एवं सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि बैनर पर स्पष्ट चेतावनी लिखी जाएगी कि यूरिया एवं डीएपी जैसे अनुदानित उर्वरकों का गैर-कृषि कार्यों में उपयोग, कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री तथा उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करना (जबरन टैगिंग) पूरी तरह प्रतिबंधित है। विभागीय निरीक्षण के दौरान सूचना बैनर नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सात साल तक कारावास और जुर्माने का प्रावधान
कृषि विभाग के अनुसार उर्वरक वितरण में अनियमितता आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें दोषी पाए जाने पर तीन माह से लेकर सात वर्ष तक के कारावास एवं जुर्माने का प्रावधान है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे यूरिया और डीएपी निर्धारित मूल्य पर ही खरीदें तथा किसी भी विक्रेता द्वारा अधिक राशि वसूलने या अन्य उत्पाद खरीदने के लिए दबाव बनाने पर शिकायत दर्ज करवाएं।
इन नंबरों पर करें शिकायत
किसान अनुदानित उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली अथवा जबरन टैगिंग की शिकायत कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर **18001801551**, राज्य स्तरीय हेल्पलाइन **0141-2227637** तथा कृषि विभाग बीकानेर के नंबर **0151-2230140** पर कर सकते हैं। इसके अलावा **cag.agri@rajasthan.gov.in** पर ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है।
किसान संबंधित सहायक निदेशक कृषि कार्यालय बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा एवं छत्तरगढ़, जिला विस्तार अधिकारी बज्जू अथवा संबंधित सहायक कृषि अधिकारी और कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।












