अबतक इंडिया न्यूज 26 नवंबर । ( लक्ष्मीनारायण शर्मा )। राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में एक नया सवाल गूंजने लगा है। प्रदेश के 37 जिला प्रमुखों की सूची में ब्राह्मण समाज का एक भी चेहरा शामिल नहीं होना भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए असहज सवाल खड़े कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित सीटों पर भी किसी ब्राह्मण को जिला प्रमुख बनाने का अवसर नहीं दिया गया। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ब्राह्मण समाज को जिला स्तर के सर्वोच्च राजनीतिक पदों पर प्रतिनिधित्व देने से दोनों प्रमुख दलों ने परहेज क्यों किया?
लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व केवल चुनाव जीतने और सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी देना भी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। लेकिन राजस्थान के जिला प्रमुखों के चयन में सामने आए सामाजिक समीकरणों ने इस जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या राजनीतिक दलों के लिए सामाजिक प्रतिनिधित्व का मतलब केवल चुनावी गणित साधना रह गया है? क्या टिकट वितरण से लेकर महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति तक जातीय समीकरण ही सबसे बड़ा पैमाना बन चुके हैं?
कांग्रेस ने जाट समीकरण को दी तवज्जो, ब्राह्मण समाज रहा बाहर
कांग्रेस के 24 जिला प्रमुखों के सामाजिक समीकरण पर नजर डालें तो पार्टी ने जाट समाज को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व दिया है। कांग्रेस के 8 जिला प्रमुख जाट समाज से हैं। इसके अलावा 4 मीणा, 2 राजपूत, 2 गुर्जर, 2 यादव, एक देवासी, एक मुस्लिम और अनुसूचित जाति वर्ग से 4 जिला प्रमुख बनाए गए हैं।
कांग्रेस ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास जरूर किया, लेकिन इस पूरी सूची में ब्राह्मण समाज का नाम तक नहीं होना पार्टी की सामाजिक समावेशिता के दावों पर सवाल खड़ा करता है। आखिर कांग्रेस के रणनीतिकारों को एक भी ऐसा ब्राह्मण चेहरा नजर नहीं आया, जिसे जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जा सके?
भाजपा में राजपूतों का दबदबा, ब्राह्मणों को यहां भी निराशा
भाजपा के 10 जिला प्रमुखों के चयन में राजपूत समाज की सबसे अधिक हिस्सेदारी रही। पार्टी ने 3 राजपूत, 2 अनुसूचित जनजाति, 2 अनुसूचित जाति, एक जाट, एक यादव और एक जैन समाज के प्रतिनिधि को जिला प्रमुख बनाया है।
भाजपा भी सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश करती नजर आई, लेकिन यहां भी ब्राह्मण समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला। सवाल यह है कि जिस समाज के लोगों की राजनीतिक, सामाजिक और वैचारिक क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है, उसे महत्वपूर्ण जिला स्तरीय पदों पर जगह देने के मामले में भाजपा की रणनीति में स्थान क्यों नहीं मिला?
सामान्य सीटों पर भी ब्राह्मण समाज की अनदेखी क्यों?
इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू सामान्य वर्ग की सीटों पर ब्राह्मण समाज को अवसर नहीं मिलना है। आरक्षित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन सामान्य वर्ग की सीटों पर भी ब्राह्मण समाज का कोई प्रतिनिधि सामने नहीं आना राजनीतिक दलों की चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
क्या दोनों दलों के पास योग्य और जनाधार वाले ब्राह्मण नेताओं की कमी थी या फिर चुनावी रणनीति में ब्राह्मण समाज की राजनीतिक उपयोगिता को नजरअंदाज कर दिया गया? यदि ऐसा है तो यह केवल एक पद का मामला नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिनिधित्व और भागीदारी से जुड़ा बड़ा सवाल है।
चुनाव के समय याद आता है समाज, पद देने की बारी आई तो क्यों भूले ?
राजनीतिक दल चुनाव के दौरान हर समाज के बीच पहुंचकर समर्थन मांगते हैं। सामाजिक सम्मेलनों, धार्मिक आयोजनों और विभिन्न वर्गों के मंचों पर भागीदारी के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन जब महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर जिम्मेदारी देने की बारी आती है तो सामाजिक संतुलन के दावे कई बार चुनिंदा जातीय समीकरणों तक सिमटते दिखाई देते हैं।
भाजपा और कांग्रेस दोनों को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या ब्राह्मण समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व उनके एजेंडे में शामिल है या फिर यह समाज केवल चुनावी समर्थन जुटाने तक ही सीमित रहेगा?
अब ब्राह्मण संगठनों के सामने भी आत्ममंथन की चुनौती
37 जिला प्रमुखों में एक भी ब्राह्मण प्रतिनिधि नहीं होने का मुद्दा ब्राह्मण संगठनों के लिए भी आत्ममंथन का विषय है। क्या समाज की राजनीतिक आवाज प्रभावी तरीके से दोनों दलों तक नहीं पहुंच पा रही है? क्या समाज के नेताओं के बीच एकजुटता और साझा राजनीतिक रणनीति का अभाव है? या फिर राजनीतिक दलों को यह भरोसा हो गया है कि ब्राह्मण समाज की नाराजगी चुनावी समीकरणों को प्रभावित नहीं करेगी?

भाजपा-कांग्रेस दोनों से जवाब मांगता सामाजिक प्रतिनिधित्व
राजस्थान की राजनीति में जिला प्रमुख केवल एक पद नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, जिला परिषद की योजनाओं और स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। ऐसे में 37 जिला प्रमुखों की सूची में ब्राह्मण समाज का एक भी प्रतिनिधि नहीं होना महज संयोग मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
भाजपा और कांग्रेस दोनों को इस सवाल का जवाब देना होगा कि सामाजिक न्याय, समावेशिता और सबको साथ लेकर चलने की राजनीति के दावों के बीच ब्राह्मण समाज को जिला प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पद पर एक भी अवसर क्यों नहीं मिला?
सवाल सीधा है—
क्या राजस्थान की राजनीति में सामाजिक प्रतिनिधित्व का पैमाना केवल चुनावी जातीय गणित रह गया है? और क्या भाजपा-कांग्रेस दोनों ने ब्राह्मण समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में हाशिए पर छोड़ दिया है?
फिलहाल जिला प्रमुखों के चयन ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने एक असहज सवाल खड़ा कर दिया है, जिसका जवाब केवल बयानबाजी से नहीं, बल्कि भविष्य में राजनीतिक भागीदारी के वास्तविक अवसर देकर ही दिया जा सकता है।












