Home » धर्म » प्रकाश पर्व विशेष : लंगर से पंगत तक — गुरु नानक देव जी का सेवा और समानता का संदेश… मनीष विधानी

प्रकाश पर्व विशेष : लंगर से पंगत तक — गुरु नानक देव जी का सेवा और समानता का संदेश… मनीष विधानी

अबतक इंडिया न्यूज 24 नवंबर बीकानेर । गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अबतक इंडिया न्यूज़ के नियमित पाठक एवं सामाजिक-सांस्कृतिक लेखक मनीष विधानी, बीकानेर ने अपनी विशेष लेखनी के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, सेवा, समर्पण, भाईचारे और समानता की महान परंपरा को रेखांकित किया है। उनका यह विचारोत्तेजक आलेख लंगर की परंपरा से लेकर सामाजिक समरसता तक गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं की प्रासंगिकता को खूबसूरती से प्रस्तुत करता है। प्रस्तुत है प्रकाश पर्व पर उनका विशेष आलेख—
” गुरुद्वारे के लंगर में पानी परोसता एक बच्चा खाली गिलास देखकर ठहरता है। पंगत में बैठे व्यक्ति से उसकी कोई जान-पहचान नहीं है। वह गिलास भरता है और आगे बढ़ जाता है। थोड़ी देर बाद कोई उसके हाथ से पानी का जग ले लेता है और वह भी सबके साथ भोजन करने बैठ जाता है। पानी परोसते हुए उसने सेवा सीखी और सबके बराबर बैठकर समानता।
सिख धर्म के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी का जन्म सन् 1469 में राय भोई दी तलवंडी में हुआ था। आज यह स्थान पाकिस्तान के पंजाब में ननकाना साहिब कहलाता है। उनका प्रकाश पर्व कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है। ननकाना साहिब से पंजाब के गुरुद्वारों और सिंध के ठिकाणों तक, उनके प्रति श्रद्धा में अखंड भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती है।
सिख परंपरा में ‘सच्चा सौदा’ का एक प्रसंग है। पिता ने युवा नानक को व्यापार के लिए बीस रुपये दिए थे। रास्ते में उन्हें भूखे साधु मिले तो उन्होंने उन्हीं रुपयों से उनके भोजन की व्यवस्था की। सिख परंपरा इस प्रसंग को लंगर की शुरुआत से जोड़ती है। बाद में करतारपुर में लंगर नियमित रूप से चलने लगा। गुरु नानक देव जी की सीख थी—नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से आजीविका कमाओ और जो कमाया है, उसे दूसरों के साथ बाँटो।
सिख परिवारों और पंजाबी समाज में यह सीख आज भी रोजमर्रा के कामों में दिखाई देती है। कोई अपनी कमाई से आटा लाता है, कोई रोटियाँ बेलता है और कोई जूठे बर्तन धोता है। पंगत बैठती है तो रोटी बनाने वाले और खाने वाले के लिए एक ही जगह बिछती है। देश के स्वतंत्रता संग्राम और उसकी रक्षा में भी सिख समाज का योगदान स्मरणीय है। सन 1948 में जम्मू-कश्मीर में अपनी चौकी की रक्षा करते हुए लांस नायक करम सिंह स्वयं घायल होने पर भी साथियों की सहायता करते रहे। उनकी वीरता के लिए उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
सिंध की लोकस्मृति में गुरु नानक देव जी की यात्राओं के प्रसंग भी मिलते हैं। अनेक सिंधी हिंदू परिवारों में उनके प्रति श्रद्धा की जड़ें सिंध की पुरानी नानकपंथी परंपरा में हैं। इन परिवारों में जलदेवता वरुण का अवतार माने जाने वाले भगवान झूलेलाल की आराधना के साथ गुरु नानक देव जी का स्मरण और अरदास भी होती रही है। बच्चे अपने बड़ों के साथ ठिकाणों में जाते, संगत में बैठते और गुरबाणी सुनते। इसी तरह गुरु की वाणी घर-घर पहुँची और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक चली।
सिंध के  लरकाना क्षेत्र के कंबर कस्बे  में सेवा की इसी भावना ने एक दवाखाने का रूप लिया। साईं वली विलायत राय के शिष्य साईं जीवत सिंह ने वहाँ जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क दवाखाना खोला। सन 1947 के बँटवारे में पंजाब और सिंध के अनेक परिवारों को अपना घर-आँगन छोड़ना पड़ा। लरकाना और आसपास से भारत आए परिवार अपने साथ संगत में बैठने और मिल-बाँटकर जीने के संस्कार लाए। मुंबई के कांदिवली स्थित कंबर दरबार में माता चैनी बाई ने श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। घर छूटने के बाद एक-दूसरे का सहारा बने इन परिवारों के लिए सेवा और समानता के भाव ने नई दुनिया बसाई।
सिख, पंजाबी और सिंधी परिवारों की इन परंपराओं से पूरे विश्व को सेवा और समानता की सीख मिलती है। किसी भूखे को अपने हाथों से भोजन परोसना सेवा है और उसी व्यक्ति के साथ एक ही पंगत में बैठकर भोजन करना समानता। **लंगर से पंगत तक, यही गुरु नानक देव जी का पूरी मानवता के लिए संदेश है।”- मनीष विधानी,सामाजिक-सांस्कृतिक लेखक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *