अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 12 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चौथे और अंतिम चरण के तहत नोखा, पांचू और जसरासर पंचायत समिति की 92 ग्राम पंचायतों में चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार, 13 नवंबर को सुबह 7:30 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर से अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। इससे पूर्व गुरुवार को एनआईसी परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन और पर्यवेक्षक नवनीत कुमार की मौजूदगी में तृतीय रेंडमाइजेशन के जरिए 92 रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायतों तथा कार्मिकों को 426 मतदान केंद्रों का आवंटन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने रवानगी के दौरान कार्मिकों की उपस्थिति को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी कार्मिक ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है, तो उसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित कार्यालयाध्यक्ष भी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे और उन्हें अपने अधीनस्थ कार्मिकों को समय पर उपस्थित होने के लिए पाबंद करना होगा। इस रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संकल्प शर्मा भी उपस्थित रहे।
चुनाव का गणित और मतदान केंद्रों की स्थिति
चौथे चरण में कुल 3 लाख 5 हजार 674 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1 लाख 61 हजार 994 पुरुष और 1 लाख 43 हजार 679 महिला मतदाता शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद के 10 और पंचायत समितियों के 59 सदस्यों के साथ-साथ पंच व सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
- नोखा: 40 ग्राम पंचायतें और 170 मतदान केंद्र
- पांचू: 28 ग्राम पंचायतें और 153 मतदान केंद्र
- जसरासर: 24 ग्राम पंचायतें और 103 मतदान केंद्र
प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी के साथ चार मतदान अधिकारी (प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ) नियुक्त किए गए हैं।
आगामी चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
- 14 नवंबर: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान (सुबह 7 से शाम 6 बजे तक)।
- 15 नवंबर: पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया।
- 16 नवंबर: पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान (सुबह 7 से शाम 6 बजे तक) और समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना।
- 17 नवंबर: उप-सरपंच का चुनाव।











