अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 5 नवंबर: राजस्थान सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के तहत बीकानेर पश्चिम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने नयाशहर पुलिस थाने के पीछे से ब्रह्म बगीची होते हुए उष्ट्र वाहिनी मंदिर तक स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।
लगभग 68 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क की लंबाई 450 मीटर और चौड़ाई 7 मीटर होगी। इस निर्माण कार्य के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम व बेहतर हो सकेगी।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
निरीक्षण के दौरान विधायक व्यास ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और इसे तय मापदंडों के अनुरूप ही पूरा करवाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा हो और निर्माण के दौरान स्थानीय आमजन को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े, इसका पूरा ख्याल रखा जाए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता कमल खत्री, पूर्व पार्षद नरेश जोशी, पार्षद प्रकाश व्यास, दीपक व्यास, सुश्री अपर्णा आचार्य, दिनेश चौहान, दीनदयाल स्वामी, जयप्रकाश पारीक, बंशीलाल व्यास एवं नवरत्न ओझा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












