Home » युवा » बीकानेर में नशा मुक्त भारत अभियान: महीने भर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, छात्र और युवा होंगे शामिल

बीकानेर में नशा मुक्त भारत अभियान: महीने भर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, छात्र और युवा होंगे शामिल

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 5 नवंबर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नवंबर माह में जिले भर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर एक नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। इस वर्ष अभियान की थीम “नशे को ना, जीवन को हां कहें” रखी गई है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि महीने भर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग सेंटरों और सार्वजनिक स्थलों पर ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से कई गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान की प्रमुख तिथियां और कार्यक्रम:

  • 16 नवंबर (प्रातः 10:30 बजे): जगदम्बा पीजी महाविद्यालय, खाजूवाला में नशे के विरुद्ध ई-संकल्प एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता।
  • 17 नवंबर (प्रातः 9:15 बजे): एकीकृत व्यसन पुनर्वास केन्द्र (दंतौर व खाजूवाला) में नशामुक्त हो चुके व्यक्तियों के साथ संवाद, काउंसलिंग और योग सत्र।
  • 18 नवंबर (प्रातः 10:15 बजे): राजकीय छात्रावास (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बीकानेर) में ई-संकल्प और पोस्टर प्रतियोगिता।
  • 19 व 25 नवंबर (प्रातः 10:30 व 10:15 बजे): जिले के सभी मान्यता प्राप्त सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में पोस्टर, वाद-विवाद एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं।
  • 20 नवंबर (प्रातः 11:15 बजे): दंतौर और खाजूवाला क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों व चिन्हित हॉटस्पॉट स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम।
  • 23 नवंबर (प्रातः 10:15 बजे): पीबीएम अस्पताल के व्यसन उपचार सुविधा केन्द्र में नशे से ग्रसित व्यक्तियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर।

प्रमुख कोचिंग संस्थानों में भी चलेगा ई-संकल्प अभियान

विभागीय जानकारी के अनुसार, शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों (जैसे एलन, सिंथेसिस, मोशन और करियर पॉइंट) में भी छात्रों को जागरूक करने के लिए विशेष ई-संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विभिन्न संवेदनशील (हॉटस्पॉट) स्थानों पर भी व्यापक स्तर पर नशामुक्त समाज का संदेश पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *