Home » कानून » बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों पर मारा छापा, 22 हजार किलो एडिबल ऑयल सीज

बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों पर मारा छापा, 22 हजार किलो एडिबल ऑयल सीज

बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 25 अक्टूबर । प्रदेश में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग के केंद्रीय दल ने रविवार को बीकानेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22,000 किलोग्राम (22 टन) खाद्य तेल सीज किया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देश, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन तथा संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में बीकानेर पहुंची केंद्रीय टीम ने एक ही दिन में तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के कुल 6 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

बीछवाल में गोदाम पर छापा, भारी मात्रा में तेल जब्त

नेपाल निर्मित 'CHOICE' सनफ्लावर ऑयल की भ्रामक लेबलिंग व प्रचार पर जांच
नेपाल निर्मित ‘CHOICE’ सनफ्लावर ऑयल की भ्रामक लेबलिंग व प्रचार पर जांच

खाद्य सुरक्षा दल ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘मैसर्स लक्ष्मी नारायण भंवर लाल’ के गोदाम पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान गोदाम से नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल और ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों तेल का बड़ा स्टॉक मिला। गुणवत्ता व नियमों के उल्लंघन की आशंका पर दल ने लगभग 22 हजार किलो खाद्य तेल को मौके पर ही सीज कर दिया। साथ ही, जांच के लिए तेल के तीन नमूने लैबोरेट्री भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार ‘CHOICE’ सनफ्लावर ऑयल की भ्रामक लेबलिंग और इसके प्रचार से जुड़े पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

दो अन्य औद्योगिक इकाइयों में भी पड़ताल

कार्रवाई के दौरान केंद्रीय दल ने रानी बाजार व अन्य क्षेत्रों में स्थित दो और प्रतिष्ठानों की जांच की:

  • मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज: यहाँ निरीक्षण कर ‘नारियल पेड़ा’ का एक सैंपल लिया गया।
  • मैसर्स श्री बिशनलाल बाबूलाल (रानी बाजार): विनिर्माण इकाई का निरीक्षण कर दो खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और स्वच्छता मानकों में लापरवाही को लेकर संबंधित फर्मों को शीघ्र ही इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर कसता शिकंजा

 

“दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य तेल, घी, मावा, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर विभाग की पैनी नजर है। भ्रामक लेबलिंग और अनुचित प्रचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और कोर्ट केस सहित सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।” — भगवत सिंह, अतिरिक्त आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों (FBOs) को सख्त हिदायत दी है कि वे FSSAI के निर्धारित मानकों के अनुसार ही खाद्य पदार्थों का निर्माण व विक्रय करें। पैकेजिंग और लेबलिंग नियमों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है। विभाग ने साफ किया है कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *