अबतक इंडिया न्यूज 30 सितंबर देशनोक । भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा के तत्वावधान में बुधवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय देशनोक में मानक क्लब (SC-7136) की ओर से मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 11वीं की खुशी एवं गरिमा मेघवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 12वीं की भावना सुथार व कौशल्या जाट द्वितीय, कक्षा 10वीं की डिंपल व हमीदा तृतीय तथा कक्षा 9वीं की सुमन जाट व साक्षी भार्गव चतुर्थ स्थान पर रहीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती संतोष बाछल ने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें दैनिक जीवन में मानक ब्यूरो द्वारा प्रमाणित वस्तुओं का ही उपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि मानक क्लब के सदस्य होने के नाते छात्राओं को समाज में भी स्वास्थ्य व सुरक्षा की दृष्टि से आईएसआई (ISI) मार्क और हॉलमार्क लगी प्रामाणिक वस्तुओं व आभूषणों के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य, निर्णायक मंडल और मेंटर शिक्षक द्वारा विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागी छात्राओं को अल्पाहार वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।












