Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » रणजीतपुरा की घटना अत्यंत निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई – विधायक अंशुमान सिंह भाटी

रणजीतपुरा की घटना अत्यंत निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई – विधायक अंशुमान सिंह भाटी

अबतक इंडिया न्यूज कोलायत / बीकानेर 22 फ़रवरी ।  जिले के रणजीतपुरा (बज्जू) क्षेत्र में आठवीं कक्षा की मासूम छात्रा की हत्या की हृदयविदारक घटना को लेकर कोलायत विधायक  अंशुमान सिंह भाटी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। शोक संतप्त परिवार के प्रति उन्होंने अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट की हैं।

विधायक भाटी ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। इस संबंध में उन्होंने राजस्थान सरकार के गृह मंत्री  जवाहर सिंह बेढ़म से दूरभाष पर वार्ता कर घटना की त्वरित, निष्पक्ष और गहन जांच करवाने तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आग्रह किया है। साथ ही वे लगातार जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।

विधायक भाटी ने कहा कि किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए।

विधायक भाटी ने दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *