अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 6 जनवरी । 4 जनवरी को विद्वान पंडित दामोदर प्रसाद कठातला का ग्राम रोड़ा में निधनहो गया । पंडित दामोदर प्रसाद कठातला भारतीय ग्रामीण संस्कृति, धर्म और शास्त्रीय मर्यादाओं के जीवंत प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन कर्म, साधना और सेवा को समर्पित रहा। वे केवल विद्वान पंडित ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले मार्गदर्शक थे।

विप्र फाउंडेशन बीकानेर युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एड. पंकज पीपलवा ने बताया कि राजनीति से सदैव दूर रहते हुए उन्होंने निष्पक्षता, सादगी और सात्विकता के मूल्यों को अपनाया। गांव और आसपास के क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक परंपराएं उनके मार्गदर्शन के बिना अधूरी मानी जाती थीं।
कर्म को उपासना मानने वाले पंडित जी ने शास्त्रों को जीवन में उतारकर जनसेवा का माध्यम बनाया। उनका देवलोक गमन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, परंतु उनके संस्कार, विचार और आदर्श सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।








