Home » राजनीति » बज़्जू के रणजीतपूरा में 13 साल की मासूम की हत्या पर गहलोत बोले- ‘पर्ची सरकार’ में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है

बज़्जू के रणजीतपूरा में 13 साल की मासूम की हत्या पर गहलोत बोले- ‘पर्ची सरकार’ में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है

अबतक इंडिया न्यूज 22 फरवरी । राजस्थान के बीकानेर  जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. रणजीतपुरा (बज्जू) इलाके में एक 13 साल की मासूम छात्रा, जो घर से 8वीं बोर्ड की परीक्षा  देने के लिए निकली थी, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है. नहर के पास झाड़ियों में बच्ची का शव अर्धनग्न हालत में मिलने के बाद पूरे इलाके में तनाव है. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि मासूम के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या की गई है.

अब इस मामले में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर घटना की निंदा की है. गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा बीकानेर के रणजीतपुरा में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण, दुष्कर्म और फिर निर्मम हत्या की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है. यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि राजस्थान के माथे पर गहरा कलंक है. प्रदेश में ‘पर्ची सरकार’ के आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है.

”बेटियाँ घर से बाहर कदम रखने से भी डरने लगी हैं”

उन्होंने आगे लिखा, ”आज हालात यह हैं कि हमारी बेटियाँ घर से बाहर कदम रखने से भी डरने लगी हैं. आखिर राजस्थान को अपराध की किस आग में झोंक दिया गया है? मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी, कोरी घोषणाओं और फोटोबाजी से बाहर निकलकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभालिए. मेरी मांग है कि इस प्रकरण के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए और अपराधियों को ऐसी कठोरतम सजा मिले जो एक नजीर बने. प्रदेश अब और चीखें नहीं सुन सकता. जवाब दीजिए मुख्यमंत्री जी!”

‘आरोपी के पकड़े जाने तक अंतिम संस्कार से इनकार’

जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपनी ढाणी से 2 किलोमीटर दूर स्थित परीक्षा केंद्र के लिए निकली थी. जब वह समय पर स्कूल नहीं पहुंची, तो टीचर्स ने घर पर सूचना दी. बदहवास परिजन जब उसे ढूंढने निकले, तो नहर के पास झाड़ियों में उसकी लाश मिली. शव की हालत देख ग्रामीण भड़क गए और रातभर से शव के साथ धरने पर बैठे हैं. ग्रामीणों की साफ मांग है- ‘जब तक आरोपी नहीं पकड़ा जाता, तब तक शव नहीं उठेगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *