अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 28 जनवरी । जयपुर से बीकानेर जा रही एक स्लीपर बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते दोनों जलकर राख हो गए.
राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. सभी यात्रियों की जान सुरक्षित है. बस में आग लगते ही आपातकालीन गेट (Emergency Gate) का उपयोग कर सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
हादसे में बस ड्राइवर घायल हुआ है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में बीकानेर के PBM अस्पताल रेफर किया गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए और यातायात सुचारू करने की कोशिश जारी है.
चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर के कुछ ही मिनटों के भीतर आग ने विकराल रूप ले लिया था. अगर समय रहते इमरजेंसी गेट नहीं खुलता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.








