Home » राज्य » यूपी » पीएम मोदी के जन्मदिन पर वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पहुंची देशनोक; करणी माता मंदिर से जल संग्रह कर वाराणसी रवाना

पीएम मोदी के जन्मदिन पर वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पहुंची देशनोक; करणी माता मंदिर से जल संग्रह कर वाराणसी रवाना

सेवा संकल्प यात्रा

अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 24 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) के अवसर पर उनकी जन्मभूमि वडनगर (गुजरात) से प्रारंभ हुई राष्ट्रीय ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का रूट नंबर-10 बीकानेर संभाग के देशनोक पहुंचा. 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र और कर्मभूमि वाराणसी पहुंचने वाली यह यात्रा देश के पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जन-सेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है.

गुजरात प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष व यात्रा प्रभारी कल्पेश तथा इंचार्ज दीपेश के मार्गदर्शन में बाइक सवारों के जत्थे के साथ यह यात्रा देशनोक के ऐतिहासिक श्री करणी माता मंदिर पहुंची. बीकानेर में भाजपा आईटी सेल संभाग प्रभारी कोजू राम सारस्वत,ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री भंवरलाल जांगिड़ व देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया.

 

करणी माता मंदिर से वाराणसी के लिए जल संग्रह

देशनोक आगमन पर यात्रा सदस्यों ने सिद्ध पीठ श्री करणी माता मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और मंदिर प्रांगण से पवित्र जल का संग्रह किया, जिसे काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) में अर्पित किया जाएगा.

आईटी सेल संभाग प्रभारी कोजू राम सारस्वत ने इस पहल का आध्यात्मिक महत्व रेखांकित करते हुए बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्री करणी माता में अटूट श्रद्धा और विशेष आस्था है. वडनगर से निकली 20 अलग-अलग टीमें देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण करते हुए 17 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी, जहां देश के कोने-कोने से लाया गया यह पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम को समर्पित किया जाएगा.”

 

पर्यावरण, स्वच्छता और सेवा संकल्प का संदेश

 

युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री आदित्य पुजारी के नेतृत्व में रूट नंबर-10 की यह यात्रा बीकानेर संभाग के ग्रामीण और देहात क्षेत्रों में लगातार प्रवास कर रही है. यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना, वृहद स्तर पर पौधारोपण के लिए प्रेरित करना और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को जन-आंदोलन बनाना है.

इसी कड़ी में देशनोक पहुंचने पर भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और यात्रा दल ने संयुक्त रूप से देशनोक रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया तथा स्थानीय निवासियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *