अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 22 सितंबर। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
योजना के सभी 18 सूचकांकों की शत -प्रतिशत अनुपालना करने पर गुढ़ा के राजकीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) को 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दिए जाने के प्रस्ताव राज्य स्तरीय समन्वय समिति को भेजने का अनुमोदन किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि योजना के तहत चिन्हित जिले के चार अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर हदां, कोलासर बाडेला और रामनगर में भी सभी सूचकांकों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाए, जिससे इन्हें भी प्रोत्साहन राशि मिल सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय और गंभीरता से कार्य करें।
जिला कलेक्टर ने कहा कि यह राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत सभी सूचकांक पूर्ण करने पर 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस उपलब्धि को हासिल करने में विभिन्न विभागों की भूमिका रहेगी। जिला कलेक्टर ने अगले एक माह में अन्य चार स्थानों के लिए सकारात्मक उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, उप वन संरक्षक वेंकटेश जी., योजना की नोडल अधिकारी तथा जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती ऋतुराज महला, आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. इरशाद रफीक जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. सीएस मोदी, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












